एबीएन न्यूज नेटवर्क, हुसैनाबाद (पलामू)। नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय, मेदिनीनगर के अंतर्गत सभी कॉलेजों में स्नातक के सत्र 2022-26 की परीक्षा 02 दिसंबर से प्रारंभ है। विश्वविद्यालय ने सभी संबद्ध डिग्री कॉलेजों में होम सेंटर दिया है। सिर्फ एके सिंह कॉलेज, जपला का परीक्षा सेंटर झरहा के डिग्री कॉलेज, हुसैनाबाद में दिया गया है और कुलपति के आदेशानुसार विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक द्वारा एके सिंह कॉलेज, जपला के प्राचार्य को निर्देश दिया गया है कि अपने महाविद्यालय के प्राध्यापकों को झरहा के सरकारी डिग्री कॉलेज में वीक्षक के रूप में प्रतिनियुक्त करना सुनिश्चित करें।
एके सिंह कॉलेज, जपला के प्राचार्य डॉ राम सुभग सिंह ने तत्काल जवाबी पत्र लिखकर विश्वविद्यालय के कुलपति एवं परीक्षा नियंत्रक के इस दुराग्रहपूर्ण एवं सौतेला व्यवहार पर आपत्ति जतायी है। प्राचार्य का कहना है कि जब अन्य सभी संबद्ध डिग्री कॉलेजों में होम सेंटर दिया गया है, तो फिर मेरे कॉलेज को इससे वंचित क्यों रखा गया? झरहा के जिस डिग्री कॉलेज में सत्र 2022-26 में एक भी विद्यार्थी नामांकित नहीं है, जहां मात्र 03 शिक्षक हैं; वहां परीक्षा सेंटर देने का औचित्य ही क्या है।
बता दें कि कुलपति दिनेश कुमार सिंह ने एके सिंह कॉलेज, जपला को सबक सिखाने के लिए विगत कई परीक्षाओं का केंद्र झरहा के डिग्री कॉलेज को बनाया और पारा शिक्षकों से वीक्षकों का काम लिया। वहीं दूसरी ओर अन्य संबद्ध कॉलेजों के प्राचार्यों को पड़ोस के सरकारी कॉलेजों में प्राध्यापक प्रतिनियुक्त कर सहयोग करने का निर्देश दिया गया था। सिर्फ एके सिंह कॉलेज, जपला से सौतेला व्यवहार करते हुए इसके प्राध्यापकों से सहयोग की अपेक्षा नहीं की गयी।
अब जब शिक्षा विभाग शिक्षकों को वीक्षक के रूप में भेजने के लिए तैयार नहीं है, तो कुलपति और परीक्षा नियंत्रक थक-हारकर एके सिंह कॉलेज, जपला के प्राचार्य से सहयोग की गुहार लगा रहे हैं। लेकिन, प्राचार्य डॉ रामसुभग सिंह ने भी कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक को लिखे पत्र में कहा है कि जैसे अन्य संबद्ध डिग्री कॉलेजों में होम सेंटर दिया गया है, वैसे ही मेरे कॉलेज में भी दिया जाये।
मैं खुद सक्षम हूं परीक्षा सफलतापूर्वक संचालित करने में और मुझे किसी के सहयोग की भी जरूरत नहीं। डॉ राम सुभग सिंह ने सांसद, पलामू वीडी राम को भी पत्र लिखकर विश्वविद्यालय के इस सौतेले व्यवहार, दुराग्रहपूर्ण रवैये और तानाशाही प्रवृत्ति पर रोक लगाने की मांग की है।
समाचार प्रकाशित के पूर्व झरहा कॉलेज के बदले शहीद भगत सिंह इंटर कॉलेज, हुसैनाबाद में परीक्षा केंद्र कर दिया गया है। लेकिन ए के सिंह कॉलेज जपला में होम सेंटर नहीं दिया, पर सहयोग की अपेक्षा रखी गयी है। प्राचार्य की मांग पर होम सेंटर देना सबसे बेहतर विकल्प होता, लेकिन विश्वविद्यालय अपनी जिद्द पर कायम है।