- धनबाद में 21 नवंबर को लगेगा रोजगार-सह-ऋण मेला, 2739 पदों पर होगी भर्ती
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। झारखण्ड स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार का अवसर मिलने जा रहा है। श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में अवर प्रादेशिक नियोजनालय, धनबाद की ओर से 21 नवंबर को दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार-सह-ऋण मेला 2026 का आयोजन किया जाएगा। यह मेला बरटांड़ स्थित अवर प्रादेशिक नियोजनालय परिसर में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा।
नियोजन पदाधिकारी पदमा कुमारी के अनुसार, मेले में निजी क्षेत्र की 21 कंपनियां हिस्सा लेंगी और कुल 2,739 पदों पर युवाओं की भर्ती करेंगी। इनमें पुरुषों के लिए 2,080 और महिलाओं के लिए 659 पद निर्धारित हैं। मेले में एलएंडटी कंस्ट्रक्शन, एलआईसी, नेशनल इंश्योरेंस, क्वेस कॉर्प, एसआईएस, राक्सा सिक्योरिटी सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल होंगी।
इस रोजगार मेले में आठवीं, दसवीं, बारहवीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक, बीकॉम, एमकॉम और बीटेक पास अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे। फ्रेशर और अनुभवी दोनों तरह के युवाओं को अवसर मिलेगा। चयनित अभ्यर्थियों को योग्यता और पद के अनुसार 8 हजार से 45 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा।
नौकरियां धनबाद, रांची समेत झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा बेंगलुरु, पुणे, नोएडा, कोलकाता, चेन्नई, अहमदाबाद और दुबई में भी उपलब्ध होंगी। मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का झारखंड के किसी भी नियोजनालय में निबंधित होना अनिवार्य है।
उम्मीदवारों को आधार कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की मूल एवं छायाप्रति, दो पासपोर्ट साइज फोटो, नियोजनालय निबंधन कार्ड, दो प्रति बायोडाटा और अंचलाधिकारी द्वारा निर्गत स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र साथ लाना होगा।
जिला जनसंपर्क कार्यालय ने जिले के बेरोजगार युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में पहुंचें।