एबीएन कैरियर डेस्क। अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से राज्य के छात्र-छात्राओं की लंबित पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति राशि का अविलंब भुगतान कराने की मांग की है।
ओम वर्मा ने कहा कि झारखंड के हजारों गरीब, आदिवासी, दलित एवं पिछड़े वर्ग के छात्र-छात्राएं पिछले कई शैक्षणिक सत्रों से छात्रवृत्ति की राशि नहीं मिलने के कारण आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। छात्रवृत्ति विद्यार्थियों के लिए केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि उच्च शिक्षा प्राप्त करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
छात्रवृत्ति का भुगतान समय पर नहीं होने से विद्यार्थियों को कॉलेज की फीस, हॉस्टल शुल्क, किताबें एवं अन्य शैक्षणिक खर्चों को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई विद्यार्थियों के सामने अपनी पढ़ाई जारी रखने की चुनौती उत्पन्न हो रही है।
ओम वर्मा ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे इस गंभीर विषय पर व्यक्तिगत रूप से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दें तथा केंद्र एवं राज्य सरकार के बीच समन्वय स्थापित कर सभी पात्र विद्यार्थियों की लंबित छात्रवृत्ति राशि जल्द से जल्द उनके बैंक खातों में भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
उन्होंने सरकार से प्रमुख रूप से मांग की है कि
- शैक्षणिक सत्र 2023-24, 2024-25 एवं 2025-26 की लंबित छात्रवृत्ति राशि का अविलंब भुगतान किया जाये।
- एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के सभी पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ सुनिश्चित किया जाये।
- छात्रवृत्ति भुगतान में हो रही देरी के कारणों को सार्वजनिक किया जाये।
- लंबित आवेदनों का शीघ्र सत्यापन कर भुगतान की निश्चित समय-सीमा घोषित की जाये।
- भविष्य में छात्रवृत्ति का भुगतान प्रत्येक शैक्षणिक सत्र में निर्धारित समय पर सुनिश्चित किया जाये।
ओम वर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति कोई एहसान नहीं, बल्कि उनकी शिक्षा और भविष्य से जुड़ी महत्वपूर्ण सहायता है। सरकार को विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान करना चाहिए। अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) विद्यार्थियों के शैक्षणिक अधिकारों के लिए अपनी आवाज उठाता रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन भी करेगा।
हमारी मांग है कि छात्रवृत्ति का भुगतान अविलंब हो, ताकि झारखंड का कोई भी गरीब विद्यार्थी आर्थिक अभाव के कारण शिक्षा से वंचित न रहे। उक्त जानकारी अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने दी।