- आजसू की बैठक में सदस्यता अभियान, कॉलेज कमेटियों के पुनर्गठन एवं रांची विश्विद्यालय मुख्यालय मार्च का निर्णय
टीम एबीएन, रांची। अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) की रांची महानगर के अंतर्गत आने वाले विभिन्न कॉलेजों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आजसू के प्रधान कार्यालय, हरमू, रांची में संपन्न हुई। बैठक में आगामी शैक्षणिक सत्र को लेकर संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने एवं छात्रहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि रांची महानगर के अंतर्गत आने वाले सभी कॉलेजों में व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।
इसके साथ ही सभी कॉलेजों में आजसू छात्र संघ की कमेटियों का पुनर्गठन कर संगठन को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। बैठक में रांची विश्वविद्यालय मार्च आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। मार्च के माध्यम से विश्वविद्यालय से जुड़े छात्रहित के विभिन्न मुद्दों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा तथा छात्रों की समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सदस्यता अभियान और कॉलेज कमेटियों के पुनर्गठन को लेकर आवश्यक तैयारियां शुरू करने पर सहमति जताई। संगठन की ओर से कहा गया कि छात्र-छात्राओं की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाते हुए विश्वविद्यालय एवं कॉलेज स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को निरंतर गति दी जाएगी। साथ ही मोहन रविदास जी को रामलखन सिंह यादव महाविद्यालय इकाई का अध्यक्ष एवं रोशनी मुंडा को रांची महानगर छात्र का उपाध्यक्ष बनाया गया।
बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो, प्रदेश वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव,प्रदेश सचिव राजेश सिंह,रोशन नायक, सक्षम झा,महानगर अध्यक्ष अमन साहू, अभित कुमार, यश सोनी, खुशबू कुमारी,निशांत लिंडा,ऋषभ कुमार,राहुल यादव,अंकित , पंकज,धीरज ,ऋषि एवं विभिन्न कॉलेजों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं छात्र प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उक्त जानकारी अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने दी।