- अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) ने मारवाड़ी कॉलेज, रांची को सौंपा मांग पत्र
टीम एबीएन, रांची। आज अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के प्रतिनिधिमंडल ने मारवाड़ी कॉलेज, रांची के प्राचार्य महोदय डॉ मनोज कुमार से मुलाकात कर छात्र-हित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की तथा एक मांग-पत्र सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने कॉलेज परिसर एवं कक्षाओं में नियमित साफ-सफाई, समय पर परीक्षा परिणाम प्रकाशन, नियमित कक्षाओं का संचालन, कंप्यूटर लैब की सुविधाओं में सुधार, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, भवन मरम्मत तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की मांग की।
इसके अतिरिक्त छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कॉलेज परिसर में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराने तथा वॉटर कूलर एवं वाटर फिल्टर की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि डिजिटल शिक्षा के इस दौर में छात्रों के लिए इंटरनेट सुविधा अत्यंत आवश्यक है, वहीं स्वच्छ एवं ठंडे पेयजल की उपलब्धता भी विद्यार्थियों का मूल अधिकार है। प्राचार्य महोदय ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना तथा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर आजसू छात्र संघ के महानगर अध्यक्ष अमन साहू, प्रदेश सचिव सक्षम झा, राजेश सिंह, आर्यन, राहुल यादव, हिमांशु सहित अन्य छात्र कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उक्त जानकारी अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) रांची, झारखंड के प्रदेश सचिव सक्षम झा ने दी।