Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 41
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
करियर

20 को सीएम आवास घेरेंगे आंदोलन करनेवाले विद्यार्थी

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
20 को सीएम आवास घेरेंगे आंदोलन करनेवाले विद्यार्थी
विज्ञापन

छात्रों का झामुमो-कांग्रेस पर सियासी खेल का आरोप, 20 अगस्त को सीएम आवास घेरने का एलान 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच के नेतृत्व में चल रहा प्रदर्शन शनिवार को 22वें दिन भी जारी रहा। छात्रों ने सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस पर उनके मुद्दों को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया। 

आंदोलनकारी छात्रों ने ऐलान किया कि वे 20 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास का घेराव करेंगे और मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग रखेंगे। छात्रों ने रविवार को राज्य के सभी 24 जिलों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुतले फूंकने की भी घोषणा की है। 

सीएम आवास का करेंगे घेराव, मुख्यमंत्री दें इस्तीफा 

जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच के नेता रविंद्र पासवान ने कहा कि 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जायेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि झामुमो और कांग्रेस छात्रों के मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं। छात्रों ने राहुल गांधी से भी अपील की कि यदि मुख्यमंत्री उनकी बात नहीं सुन रहे हैं तो कांग्रेस को जेएमएम के नेतृत्व वाली सरकार से समर्थन वापस ले लेना चाहिए। छात्र नेताओं का कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं करती, आंदोलन वापस नहीं लिया जायेगा। 

जेपीएससी-जेएसएससी और जेपीएससी परीक्षाएं रद्द करने की मांग 

प्रदर्शनकारी छात्रों ने कथित अनियमितताओं वाली परीक्षाओं को रद्द करने और भर्ती प्रक्रिया की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है। जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच ने सीबीआई जांच या झारखंड से बाहर के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की समिति से जांच कराने की मांग दोहरायी है। मंच की ओर से जेएसएससी -सीजीएल परीक्षा के साथ झारखंड लोक सेवा आयोग की कुछ परीक्षाओं को भी रद्द करने की मांग की जा रही है, जिन्हें छात्र संदिग्ध मान रहे हैं। 

देवेंद्र महतो को अस्पताल से निकलने से रोकने का आरोप 

जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच नेता देवेंद्र नाथ महतो पिछले 14 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें सदर अस्पताल से निकलकर तिरंगा यात्रा में शामिल होने से रोक दिया। सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो भी सामने आए, जिनमें महतो को सुरक्षा कर्मियों के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की करते देखा गया।

विज्ञापन