जमशेदपुर में खुलेगा अत्याधुनिक चालक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान, टाटा मोटर्स के साथ राज्य सरकार ने किया करार
एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर/ रांची। झारखंड में अत्याधुनिक चालक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। जमशेदपुर में टाटा मोटर्स के सहयोग से स्थापित हो रहे आईडीटीआर को लेकर झारखंड मंत्रालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में मंगलवार को राज्य सरकार के परिवहन विभाग और टाटा मोटर्स के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किया गया।
पीपीपी मॉडल पर संचालित होगा प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान
परिवहन विभाग और टाटा मोटर्स लिमिटेड के बीच यह अत्यधिक चालक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान पीपीपी मॉडल पर संचालित होगा, जो जमशेदपुर के मनपीठा मौजा में 11.88 एकड़ भूमि पर स्थापित होगी। इस संस्थान के लिए राज्य सरकार द्वारा जमीन उपलब्ध कराया जायेगा।
इस संस्थान के बिल्डिंग निर्माण पर कुल लागत 22.30 करोड़ की होगी, जिसमें परिवहन विभाग झारखंड सरकार द्वारा 3.21 करोड़, केंद्र सरकार द्वारा 17 करोड़ और टाटा मोटर्स के द्वारा 1.82 करोड़ का सहयोग दिया जा रहा है।
संस्थान के निर्माण का कार्य झारखंड स्टेट बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉपोर्रेशन लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है। इस संस्थान में 30 घंटे की कुल प्रशिक्षण अवधि होगी, जिसमें 15 घंटे प्रशिक्षणार्थियों की थ्योरी क्लास होगी और 15 घंटे का प्रैक्टिकल क्लास होगा।
इस संस्थान में 50 पुरुषों के लिए एवं 25 महिलाओं के लिए छात्रावास तथा मेस की सुविधा होगी। वाहन चालकों के प्रशिक्षण के लिए एलएमवी एवं एचएमवी ड्राइविंग सिम्युलेटर, प्राथमिक उपचार एवं दुर्घटना उपरांत प्रशिक्षण एवं रोजगारोन्मुख उद्योग आधारित चालक प्रशिक्षण दिया जायेगा।
ड्राइविंग लाइसेंस लेना हो सरल: मुख्यमंत्री
झारखंड मंत्रालय में आयोजित एमओयू हस्ताक्षर कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह के अलावा टाटा मोटर्स और राज्य सरकार के परिवहन विभाग से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।