एबीएन कैरियर डेस्क। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग, रांची में वर्ष 2026 में कक्षा एकादश के विद्यार्थियों का हर्षोल्लासपूर्वक स्वागत किया गया। कक्षा द्वादश के विद्यार्थियों द्वारा आयोजित इस फ्रेशर्स वेलकम समारोह की शुरुआत कक्षा एकादश व द्वादश के लिए हवन से हुई, जिसमें समृद्ध और सफल शैक्षणिक यात्रा की कामना की गयी।
दीप प्रज्ज्वलन के बाद प्राचार्य डॉ. तापस घोष ने प्रेरक संबोधन दिया और बताया कि विज्ञान, वाणिज्य व मानविकी—हर स्ट्रीम में उज्ज्वल भविष्य के अवसर हैं। उन्होंने नियमित उपस्थिति, अनुशासन और निरंतर मेहनत को सफलता की कुंजी बताया।
समारोह का विशेष आकर्षण स्कूल के सफल पूर्व विद्यार्थियों के साथ संवाद रहा। बैच 2024 की टॉपर राशि सिंह, जो वर्तमान में मैत्रेय कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय में अध्ययनरत हैं; ने अपने अनुभव साझा किये।
साथ ही दीप गुप्ता (एमबीबीएस एमजीएम मेडिकल कॉलेज), अनुष्का अधिकारी (वाणिज्य टॉपर, सेंट्स जेवियर्स कॉलेज की छात्रा), तनु सिंह (विज्ञान टॉपर) और स्वस्ती साहू (एनआईएफटी, गांधीनगर) ने भी अपने प्रेरणादायक सफर के विषय में बताते हुए महत्वपूर्ण सलाह दी। पूर्व विद्यार्थियों ने कक्षा एकादश में मजबूत आधार बनाने, शिक्षकों पर विश्वास रखने और कोचिंग पर अधिक निर्भर न करते हुए स्वयं मेहनत पर जोर देने की अपील की।
कार्यक्रम में सुंदर नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियां दी गयीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। फ्रेशर्स प्रेरित, आत्मविश्वासी और आगे बढ़ने के लिए तैयार दिखाई दिये। प्राचार्य डॉ तापस घोष और समस्त शिक्षकों की ओर से कक्षा एकादश के विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।समारोह का समापन शांति पाठ से हुआ।