- जैक 10वीं बोर्ड : प्रियांशु-शिवांगी के साथ प्रेम और सन्नी रहे टॉपर
- दसवीं का परिणाम हुआ जारी, प्रियांशु-शिवांगी के साथ प्रेम और सन्नी ने किया टॉप
टीम एबीएन, रांची। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने गुरुवार को मैट्रिक (10वीं) बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस बार राज्य का कुल परिणाम 95.27 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन माना जा रहा है। परिणामों में गुमला जिला शानदार प्रदर्शन करते हुए 99.32 प्रतिशत सफलता दर के साथ पूरे राज्य में पहले स्थान पर रहा, जबकि चतरा जिला 91.20 प्रतिशत परिणाम के साथ अंतिम पायदान पर रहा।
चार छात्रों ने किया टॉप
प्रियांशु कुमारी (हजारीबाग), शिवांगी कुमारी (सिमडेगा), प्रेम कुमार साहू (रांची) और सन्नी कुमार वर्मा (रांची) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 500 में से 498 अंक हासिल किये और राज्य में संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया।
बड़ी संख्या में सफल हुए छात्र
जैक द्वारा फरवरी और मार्च में आयोजित 10वीं बोर्ड परीक्षा में पूरे राज्य से कुल 4 लाख 22 हजार 109 छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। इनमें से 4 लाख 2 हजार 178 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की। इस साल बड़ी संख्या में छात्रों ने प्रथम श्रेणी में परीक्षा पास की, जो शिक्षा के स्तर में सुधार का संकेत माना जा रहा है।
टॉपर सूची में हजारीबाग की छात्राओं का दबदबा
इस बार टॉप करने वाले छात्रों में हजारीबाग स्थित इंदिरा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं का विशेष प्रदर्शन देखने को मिला। स्कूल की कई छात्राओं ने उच्च अंक हासिल कर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है।
गुमला जिला रहा अव्वल
गुमला जिले में कुल 13,760 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 13,667 विद्यार्थी सफल रहे। वहीं ,चतरा जिले में 17,577 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए, लेकिन उनमें से 16,031 छात्र ही पास हो सके, जिससे यह जिला परिणाम के मामले में सबसे नीचे रहा।