टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में धूमधाम से नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती मनायी गयी। कार्यक्रम का शुभारंभ नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि देकर किया गया। तत्पश्चात कक्षा सप्तम की अनिका कुमारी तथा सृष्टि कुमारी ने उनके त्याग और समर्पण से भरे जीवन पर प्रकाश डाला। बच्चों ने उनके ओजस्वी नारों की गूंज से सभा में जोश भर दिया।
प्राचार्य डॉ तापस घोष ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यदि लक्ष्य ऊंचा हो, तो प्रयास भी जी तोड़ करनी पड़ती है। नेता जी का जीवन संघर्ष और त्याग का जीवन था। देश की स्वतंत्रता उनके लिए सर्वोपरि थी, इसके लिए उन्होंने अपना सर्वस्व दाव पर लगा दिया था।
देश को स्वतंत्रता दिलाने के लिए उन्होंने जापान-जर्मनी जैसे देशों की मदद ली तथा उस मजबूत ब्रिटिश राज को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया, जिसके राज में सूरज अस्त नहीं होता था। आजादी मिली, पर उसका स्वाद चखने के लिए नेताजी देशवासियों के बीच नहीं रहे।
स्वतंत्रता संग्राम में नेता जी की भूमिका अद्वितीय रही। इस आजादी की रक्षा करना, नेताजी के बताये मार्ग का अनुसरण करना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उक्त कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक तथा शिक्षिकाओं ने भाग लिया। राष्ट्र गान के साथ सभा समाप्त हुई।