मैट्रिक बोर्ड : स्कूल से ही मिलेगा जैक का एडमिट कार्ड
ABN Bureau• 03 Apr, 2021
2 Views
विज्ञापन
रांची। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की ओर से होनेवाली 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी कर दिया गया है। परीक्षार्थियों को एडमिट कार्ड स्कूल के प्राचार्य ही देंगे। स्कूल प्रमुख जैक की वेबसाइट www.jac.jharkhand.gov.in से एडमिट कार्ड डाउनलोड करेंगे। स्टूडेंट्स इसे खुद से नहीं निकाल सकते हैं। 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षा 6 अप्रैल से शुरू हो रही है। इस बार परीक्षा में पिछली बार से 1.52 लाख अधिक बच्चे शामिल होंगे, इसमें 10वीं के 4 लाख 40 हजार और 12वीं के 3 लाख 35 हजार बच्चे शामिल होंगे। पिछली बार यह संख्या 3.83 लाख और 2.40 लाख थी।
ऐसे मिलेगा एडमिट कार्ड :
जैक के निर्देश के मुताबिक, एडमिट कार्ड को केवल स्कूल के प्रिंसिपल ही डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें पहले से ही जैक की तरफ से आइडी और पासवर्ड दिया गया है। इसकी मदद से लॉग इन कर वे एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इसके बाद वे इस पर साइन व मुहर लगाने के बाद बच्चों को उपलब्ध करायेंगे। प्राचार्य चाहें तो एक बार में अपने स्कूल के सभी बच्चों का एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं और अगर चाहें तो एक-एक कर के भी डाउनलोड कर सकते हैं।
4 मई से शुरू होगी बोर्ड की मुख्य परीक्षा : मैट्रिक-इंटरमीडिएट की मुख्य परीक्षाएं 4 मई से शुरू होंगी। ये दो सिटिंग (पाली) में होंगी, जो 21 मई तक चलेंगी। पहली पाली में मैट्रिक की परीक्षा होगी, जबकि दूसरी में इंटरमीडिएट की। कोरोना संक्रमण और बच्चों की पढ़ाई पर असर को देखते हुए सिलेबस में कटौती की जा चुकी है।