सीआरपीएफ के पूर्व आईजी का गुरुकुल शांति आश्रम यज्ञशाला परिसर में किया गया अभिनंदन
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। अच्छे संस्कार मेहनत और राष्ट्र के प्रति आघात प्रेम जीवन को सफल और सर्वस्व न्योछावर करने की प्रेरणा देती है। उक्त बातें सीआरपीएफ से पिछले महीने सेवानिवृत हुए आईजी वीरेंद्र कुमार टोप्पो ने कहीं। रविवार देर शाम वह अपने परिजनों के साथ आर्य समाज के झारखंड में बड़े केंद्र गुरुकुल शांति आश्रम यज्ञशाला में ब्रह्मचारियों द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में कही।
उन्होंने ब्रह्मचारियों का आह्वान किया कि जीवन में मेहनत से मुकाम हासिल करें। शॉर्टकट का रास्ता कभी नहीं अपनायें। राष्ट्र के प्रति सदैव तत्पर रहे।
कठिन परिश्रम से कभी पीछे न हटें। पूर्व आईजी ने अपने विद्यार्थी जीवन से लेकर खेल के मैदान की उपलब्धियां के बारे में ब्रह्मचारियों को विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि हमारे जोरी गांव से हम सभी खाली पर दौड़ते हुए लोहरदगा शहर से रांची के सीमा पर स्थित हेंजला गांव तक जाते थे। हमारे साथ जो दौड़ा करते थे उन्होंने भी राष्ट्रीय स्तर पर मुकाम हासिल किया।
स्थानीय समाज का प्रेम आज हमें 37 सालों के राष्ट्र सेवा बाद फिर से अपने घर लौटने को मजबूर किया। सेवा के दौरान हमें कश्मीर से कन्याकुमारी तक, बर्फीली पहाड़ों से लेकर रेगिस्तान तक, में रहकर राष्ट्र सेवा करने का जो अवसर हमारे देश ने हमें दिया। वह अतुलनीय है।
मां भारती की सेवा और रक्षा हमारे जीवन का लक्ष्य बन गया है। सभी बच्चे मेहनत से अपने मुकाम को हासिल करने का निरंतर प्रयत्न करें। इसे जीवन का लक्ष्य बनायें। पूर्व सीआरपीएफ आईजी वीरेंद्र कुमार टोप्पो ने कहा कि ब्रह्मचारियों के बीच अपने को पाकर मन पुलकित और हृदय गदगद हो गया है।
गुरुकुल शांति आश्रम के आचार्य शरच्चंद्र आर्य ने इस मौके पर कहा कि यह आश्रम व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र सेवा के लिए ब्रह्मचारियों को तैयार करता है। राष्ट्र के प्रति सदैव एक निष्ठ भाव से समर्पित रहने की शिक्षा-दीक्षा देता है। धर्म से ऊपर राष्ट्र को रखने की प्रेरणा देता है।
मौके पर आचार्य शरच्चंद्र आर्य और आचार्य गणेश शास्त्री ने संयुक्त रूप से पूर्व डीआईजी वीरेंद्र कुमार टोप्पो को सत्यार्थ प्रकाश और अंग वस्त्रम देकर सम्मानित किया। मौके पर वीरेंद्र टोप्पो की धर्मपत्नी और परिजन मौजूद थे। कार्यक्रम में अन्य लोगों के अलावा रविंद्र दत्ता, बैद्यनाथ प्रसाद गुड्डूस, झारखंड जगुवार के डीएसपी तेतरु उरांव, उधान टोप्पो समेत तमाम ब्रह्मचारी मौजूद थे।
फोटो संकेत- लोहरदगा शांतिनगर स्थित गुरुकुल शांति आश्रम में ब्रह्मचारियों के बीच सीआरपीएफ के आईजी वीरेंद्र कुमार टोप्पो, आचार्य शरच्चंद्र आर्य, आचार्य गणेश शास्त्री व अन्य।