टीम एबीएन, रांची। महात्मा गांधी की जयंती पर रांची के डीएवी संस्थानों डीएवी बरियातू, डीएवी कपिलदेव, डीएवी गांधीनगर, डीएवी नीरजा सहाय, डीएवी आनंद स्वामी (हेहल) और एसआर डीएवी पुंदाग ने एक साथ मिलकर डीएवी के लिए दौड़ नामक प्रेरणादायक आयोजन किया, जो फिटनेस, एकता और राष्ट्रपिता के शाश्वत दृष्टिकोण का प्रतीक था।
लगभग 700 विद्यार्थियों और 150 शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने इस शहरव्यापी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया, जो डीएवी सीएमसी के तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अनेक विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने अपनी उपस्थिति ने विद्यार्थियों में जोश भर दिया।
ये रहे उपस्थित
- एमके सिन्हा; एआरओ जोन बी एवं प्राचार्य, डीएवी कपिल देव
- एसके मिश्रा; एआरओ जोन जे एवं प्राचार्य, डीएवी बरियातू
- डॉ तापस घोष; प्राचार्य, एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग
- मैडम किरण यादव; प्राचार्य, डीएवी नीरजा सहाय
- पीके झा; प्राचार्य, डीएवी गांधीनगर
सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी एमके सिन्हा तथा एसके मिश्रा ने धावकों को संबोधित करते हुए उन्हें महात्मा गांधी के सिद्धांतों पर चलने की प्रेरणा दी। स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए योगदान देने के लिए कहा।
उक्त कार्यक्रम के लिए एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग के विद्यार्थियों के उत्साह को देखते हुए प्राचार्य डॉ तापस घोष ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम उनमें नयी ऊर्जा का संचार करते हैं।
इससे वे समूह में काम करना, अनुशासन, एकता, भाईचारा जैसी महत्वपूर्ण बातें सीखते हैं। उक्त दौड़ में प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को स्वर्ण, रजत तथा ताम्र पदक देकर सम्मानित किया गया।