- एसपी मुखर्जी सरस्वती शिशु मंदिर के पूर्व छात्र सचिन का आईजीसीएआर, चेन्नई में जूनियर रिसर्च फेलोशिप के लिए चयन
टीम एबीएन, लोहरदगा। एसपी मुखर्जी सरस्वती शिशु मंदिर, पतराटोली लोहरदगा के पूर्व छात्र सचिन अनुराग का चयन भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा विभाग के अंतर्गत देश के प्रतिष्ठित संस्थान इंदिरा गांधी परमाणु अनुसंधान केंद्र, चेन्नई में जेआरएफ के लिए हुआ है।
विनय चंद्र मिश्रा और अहिल्या मिश्रा के पुत्र सचिन अनुराग मूल रूप से हजारीबाग जिले के सिरसी के निवासी हैं। उनका ननिहाल लोहरदगा के पतराटोली में है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा एसपी मुखर्जी सरस्वती शिशु मंदिर में हासिल की थी। उनका चयन उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और साक्षात्कार में बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर हुआ है।
फेलोशिप के तहत वह पांच साल पीएचडी की पढ़ाई करेंगे। सचिन संत कोलम्बस महाविद्यालय, हजारीबाग के बायोटेक्नोलॉजी विभाग के मेधावी छात्र रह चुके हैं। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने भगवान नरसिंह की कृपा, अपने माता-पिता के आशीर्वाद और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है।