Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
करियर

एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल पुंदाग में हिंदी पखवाड़ा तथा हिंदी दिवस समारोह

एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल पुंदाग में हिंदी पखवाड़ा तथा हिंदी दिवस समारोह
विज्ञापन

टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में हिंदी पखवाड़ा तथा हिंदी दिवस के अवसर पर अनेक प्रतियोगिताएं आयोजित की गयीं। 
प्राचार्य डॉ तापस घोष ने हिंदी विभाग के अध्यापक- अध्यापिकाओं के साथ मिलकर ज्ञान दीप प्रज्ज्वलित करके हिंदी दिवस समारोह के कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात कक्षा षष्ठ की दिव्यांशी नाथ तथा कक्षा दशम की अनन्या कुमारी ने सुमधुर संगीत प्रस्तुत करके सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। 

कक्षा तृतीय से कक्षा पंचम तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न साहित्यकारों की वेशभूषा में फैंसी ड्रेस में भाग लिया एवं उनके व्यक्तित्व तथा कृतित्व पर प्रकाश डाला। कक्षा षष्ठ से अष्टम के विद्यार्थियों ने कहानी वाचन  प्रतियोगिता में भाग लिया। वहीं कक्षा नवम से द्वादश तक के विद्यार्थियों ने स्वरचित कविता पाठ करके सबका मन मोह लिया। 

प्राचार्य डॉ तापस घोष ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्तमान समय में हिंदी पूरे विश्व में सबसे अधिक बोली जानेवाली चौथी भाषा है, जिसका  प्रचार-प्रसार दिनोंदिन बढ़ता ही जा रहा है। हमें इस बात का गर्व होना चाहिए। भारत के लगभग 57 प्रतिशत लोग इसी भाषा में विचारों का आदान -प्रदान करते हैं। इसका व्यावसायिक महत्त्व भी बढ़ता ही जा रहा है, जिससे इस भाषा के प्रति लोगों की रुचि बढ़ रही है। 

उन्होंने शिक्षक समुदाय से कहा कि वे विद्यार्थियों को हिंदी के क्षेत्र में बढ़ रहे रोजगार के अवसरों की भी जानकारी दें। वे अपने विकास के लिए पठन-मनन-चिंतन  जारी रखें एवं विद्यार्थियों को भी अधिक से अधिक लाभ पहुंचायें। सभी शिक्षक अपने विषय में अध्ययनशील रहें।  

हिंदी पखवाड़ा में आयोजित प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जायेगा। इस समारोह में विद्यार्थियों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शांति पाठ के साथ सभा समाप्त हुई।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 8,970