एसआर डीएवी पुंदाग में डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स, स्टेट लेवल जूडो तथा ताइक्वांडो खेलों का शानदार आयोजन
टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल पुंदाग में डीएवी सीएमसी के तत्वावधान में दो दिवसीय जूडो तथा ताइक्वाडो; मार्शल आर्ट, खेल प्रतिस्पर्धाओं का शानदार आयोजन हुआ। इन प्रतिस्पर्धाओं में झारखंड के विभिन्न क्लस्टरों के विभिन्न स्कूलों के लगभग सात सौ खिलाड़ियों ने भाग लिया।
उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि आधार (यूडाई), रांची के क्षेत्रीय पदाधिकारी नीरज कुमार तथा विशिष्ट अतिथि डीएवी पब्लिक स्कूल्स, झारखंड जोन जे के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी सह डीएवी बरियातू के प्रधानाचार्य सह एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग के मैनेजर संजय कुमार मिश्रा थे। प्राचार्य डॉ तापस घोष ने सभी गणमान्य अतिथियों के साथ ज्ञानदीप प्रज्ज्वलित करके समारोह का शुभारंभ किया।
विद्यार्थियों ने स्वागत गान, शास्त्रीय नृत्य तथा लोक नृत्य प्रस्तुत करके भारतीय संस्कृति की झलकियां प्रदर्शित की। प्राचार्य ने उद्घाटन समारोह में पधारे अतिथियों का औपचारिक स्वागत करते हुए कहा कि हमारे लिए यह परम सौभाग्य की बात है कि विद्यालय प्रांगण में एक साथ अनेक महान विभूतियों का आगमन हुआ है।
विशिष्ट अतिथि संजय कुमार मिश्रा ने अपने उद्बोधन में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विद्यालय के प्रशस्त प्रांगण में उपस्थित सभी खिलाड़ी विजेता हैं। खेलों में हार या जीत का महत्त्व नहीं होता, बेहतर से बेहतरीन प्रदर्शन करने की कोशिश करना ही महत्त्वपूर्ण है। मुख्य अतिथि नीरज कुमार ने भी सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डीएवी संस्था के विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी आगे हैं। डीएवी के खिलाड़ियों का भविष्य उज्ज्वल है।
उद्घाटन सत्र में रांची जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार सिंह, आर्य समाज, रांची के प्रसिद्ध समाज सेवी एसएल गुप्ता, डीएवी पब्लिक स्कूल, गांधी नगर के प्राचार्य प्रदीप कुमार झा, स्पोर्ट्स पर्सन आलोक दूबे, जूडो तथा ताइक्वांडो के खेल निरीक्षक, विभिन्न डीएवी स्कूलों के खेल शिक्षक तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित थे।
मूसलाधार वर्षा भी खिलाड़ियों के उत्साह को कम नहीं कर पाई और सभी खेलों का विधिवत संचालन और समापन किया गया। उक्त खेलों के स्वर्ण तथा रजत पदक विजेता खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय स्तर के खेल -कूद प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेंगे।