- देवभाषा संस्कृत सभी भाषाओं की जननी है : एसके मिश्रा
टीम एबीएन, रांची। डीएवी पब्लिक स्कूल बरियातु रांची में संस्कृत सप्ताह की शुरुआत हुई। पहले दिन प्रात: कालीन सभा के सभी कार्यक्रम संस्कृत में आयोजित किये गये।
प्राचार्य संजय कुमार मिश्रा ने संस्कृत भाषा की विशेषता बताते हुए कहा कि यह देवभाषा है तथा यह हमारे संस्कृति के विविध पहलुओं से हमें जोड़ती है। संस्कृत का ज्ञान प्राचीन काल में प्रचलित वैज्ञानिक तथ्य तथा वर्तमान तथ्यों से उसके सामंजस्य को समझने में सहायक होता है। इससे अपना वैज्ञानिक ज्ञान और भी रुचिकर और परिष्कृत होता है।
संस्कृत शिक्षिका अपर्णा मिश्रा ने विद्यार्थियों को बताया कि संस्कृत के अधिकांश शब्द संयुक्ताक्षर हैं ये संयुक्ताक्षर शब्द यदि लिखे जाते हैं तो वे ध्यान को नियंत्रित करने में सहायक होते हैं। यदि संस्कृत शब्दों का निरन्तर उच्चारण किया जाए तो उससे वाणी स्पष्ट और कर्णप्रिय होती है। उन्होंने सभी को प्रतिदिन संस्कृत अध्ययन करने का आह्वान किया।