बिरसा कृषि विश्वविद्यालय ने 19 पदों पर संविदा नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किया
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में विभिन्न संवर्गों के 19 पदों पर संविदा आधारित नियुक्ति के लिए राज्य सरकार, केंद्र सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम, आइसीएआर और राज्य कृषि विश्वविद्यालयों की सेवा से अवकाशप्राप्त लोगों से आवेदन आमंत्रित किये गये हैं।
इन पदों पर नियुक्तियां आरंभिक रूप से 6 महीने के लिए होंगी जिसे संतोषप्रद पाये जाने पर विश्वविद्यालय के परिनियम तथा झारखंड सरकार के वित्त विभाग के संकल्प में निहित प्रावधानों के आलोक में विस्तारित किया जा सकता है। पंजीकृत डाक या स्पीड पोस्ट द्वारा आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 26 मई है।
अकादमिक प्रशासन से जुड़े पदों के लिए आवेदन शुल्क अनारक्षित, आर्थिक रूप से कमजोर तथा पिछड़े वर्गों के उम्मीदवारों के लिए 1500 रुपये तथा एससी, एसटी उम्मीदवारों के लिए 375 रुपये है। शेष सभी पदों के लिए आवेदन शुल्क अनारक्षित, आर्थिक रूप से कमजोर तथा पिछड़े वर्गों के उम्मीदवारों के लिए 1000 रुपये तथा एससी, एसटी उम्मीदवारों के लिए 250 रुपये है, जिसे आनलाइन जमा करना होगा।
फूलो झानो मुर्मू दुग्ध प्रौद्योगिकी महाविद्यालय, हंसडीहा, दुमका, रबीन्द्रनाथ टैगोर कृषि महाविद्यालय, देवघर, तिलका मांझी कृषि महाविद्यालय, गोड्डा, कृषि महाविद्यालय, गढ़वा, मात्सियिकी विज्ञान महाविद्यालय, गुमला तथा कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय, रांची में एसोसिएट डीन के पद पर वैसे अवकाशप्राप्त लोग आवेदन कर सकते हैं, जिनकी उम्र 1 अगस्त, 2025 को 63 वर्ष से अधिक नहीं है।
इस पद के लिए अर्हता संबंधित विषय में पीएच डी डिग्री, प्रकाशित अनुसंधान कार्य तथा कॉलेज, विश्वविद्यालय में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर सहित कुल 15 वर्षों का शिक्षण, अनुसंधान, प्रशासन का अनुभव है।