यज्ञ से पर्यावरण शुद्ध होता है : डॉ तापस घोष
टीम एबीएन, रांची। डीएवी पब्लिक स्कूल पुंदाग, रांची में शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय यज्ञ दिवस के उपलक्ष्य में विशेष हवन के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ तापस घोष ने शिक्षक- शिक्षिकाओं तथा विद्यार्थियों के साथ सामूहिक वैदिक महाहवन में भाग लिया।
उन्होंने अपने संदेश में यज्ञ की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यज्ञ का जितना आध्यात्मिक महत्त्व है, उतना ही वैज्ञानिक महत्त्व भी है। इससे सकारात्मक ऊर्जा का प्रसार होता है। अनेक घातक जीवाणु तथा विषाणुओं का नाश होता है। डीएवी संस्था में साप्ताहिक हवन की परंपरा है।
विद्यार्थी हवन की विधियों से परिचित होते हैं तथा इससे उनका आध्यात्मिक स्तर भी ऊंचा उठता है। उनमें भारतीय संस्कार डाले जाते हैं।उन्हें प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाया जाता है। यज्ञ के पश्चात शांति पाठ एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।