बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान, मेसरा में 37वें वार्षिक एथलेटिक मीट 2024-25 का जोश भरा आगाज
टीम एबीएन, रांची। बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान, मेसरा ने 37वें वार्षिक एथलेटिक मीट 2024-25 की शानदार शुरुआत की। यह खेल उत्सव 31 जनवरी से 2 फरवरी तक बीआईटी मेसरा स्टेडियम में होगा, जिसमें संस्थान के विभिन्न परिसरों से आये खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखायेंगे।
उद्घाटन समारोह 31 जनवरी को हुआ, जहां डॉ भास्कर करन, डीन आफ स्टूडेंट अफेयर्स ने सभी का स्वागत किया। इस खास मौके पर मुख्य अतिथि सरोज लकड़ा, जो कि एक बेहतरीन धाविका हैं और भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं, ने खिलाड़ियों को प्रेरित किया।
बीआईटी मेसरा के कुलपति प्रोफेसर इंद्रनील मन्ना ने अपने भाषण में बीआईटी मेसरा की 70 वर्षों की उपलब्धियों का जिक्र किया और खेलों के महत्व पर जोर दिया। डॉ महेंद्र कुमार, आयोजन सचिव, ने सभी प्रतिभागियों और अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
उद्घाटन समारोह में रंगारंग परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। बीआइटी मेसरा के लालपुर, देवघर, पटना, नोएडा और जयपुर परिसरों के खिलाड़ियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी। नवोदय विद्यालय गर्ल्स बैंड ग्रुप की शानदार प्रस्तुति सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रही।
तीन दिनों तक चलने वाले इस मीट में दौड़, हाई जंप, लॉन्ग जंप, भाला फेंक और बाधा दौड़ जैसी कई प्रतियोगिताएं होंगी। अंतिम दिन स्टाफ रेस का आयोजन भी होगा, जिसमें शिक्षक और कर्मचारी भी भाग लेंगे। इन खेलों में विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिये जायेंगे। यह आयोजन विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने और खेल भावना को बढ़ावा देने का शानदार अवसर देगा।