राजधानी के रांची विश्वविद्यालय के मास कॉम में मास्टर क्लास
वित्तीय और कानूनी रिपोर्टिंग निखारने और लिखते रहने की आदत बनायें छात्र
टीम एबीएन, रांची। स्कूल आफ मास कम्युनिकेशन, रांची विश्वविद्यालय में शनिवार को मास्टर क्लास का आयोजन किया गया। इस क्लास में वरिष्ठ पत्रकार, मोटिवेटर सह करियर काउंसलर एन के मुरलीधर ने छात्रों को पत्रकारिता की पढ़ाई और इससे संबंधित कैरियर के बारे में बताया। साथ ही बदलते दौर में अपनी पत्रकारिता को निखारने के टिप्स भी दिये।
एन के मुरलीधर ने कहा कि आज फिनांस और पर्यावरण जैसे विषयों पर गहनता से लिखने पढ़ने वालों की कमी है। इन विषयों में अपनी पकड़ बनाकर युवा अच्छी पत्रकारिता कर सकते हैं। साथ ही एक अच्छी आजीविका भी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने छात्रों से कहा कि आप हमेशा पढ़ने और लिखने की आदत डालें। यह आप छात्रों के लिए आवश्यक है। देश दुनिया की खबरों से रू-ब-रू होते रहना बहुत ही आवश्यक है। साथ ही उन्होंने अच्छी रिपोर्टिंग के लिए आवश्यक जानकारियां भी दीं।
- छात्रों के सवाल : समाचार के स्रोत किस प्रकार विकसित किये जा सकते हैं?
- जबाव : समाचार के स्रोत आपके बुद्धि, व्यवहार और अधिक से अधिक लोगों से संबंध बनाने के आपके स्वभाव से विकसित होता है। साथ ही वर्तमान परिदृश्य में अगर आप रिपोर्टर हैं, तो संबंधित बीट या विभाग के बारे में आपको एक सामान्य जानकारी होना जरूरी है। हर व्यक्ति एक स्रोत हो सकता है। हर जानकारी एक खबर हो सकती है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खबरों को आप स्थानीय तौर पर जोड़कर भी खबर तैयार करते हैं। एक खबर अनेक खबरों का स्रोत होता है। कुछ सटीक अनुमान भी आपको खबरों के साथ आगे बढ़ा देती है। आंकड़ा, विश्वसनीय स्रोत से जानकारी और उसका बेहतर प्रस्तुतीकरण यानी आपकी थोड़ी भाषाई रूचि भी उपयोगी होता है।
- सवाल : आर्थिक विषयों पर खबरें कम आती हैं। इस दिशा में किस प्रकार बेहतर किया जा सकता है?
- जबाव : आर्थिक जानकारी लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। आप देश की बड़ी समस्याओं का अध्ययन करें, जैसे- गिग ईकोनॉमी। इस विषय का अध्ययन करने के क्रम में आपको कई जानकारी मिलेगी, जो आपकी आर्थिक समझ को मजबूत करेगा। समझने की कोशिश हर समय जारी रखें।
- सवाल : पत्रकारिता में करियर की क्या संभावना है?
- जबाव : आज सूचना की गति जिस प्रकार तेज हुई है और मोबाइल, सोशल मीडिया पर गतिविधियों जिस प्रकार बढ़ गयी है वहां आपके लिए करने को बहुत कुछ है। आज आप हर युवा जो सूचना, जानकारी और खबर के क्षेत्र में कुछ करना चाहता है। वह इन सभी माध्यमों से अपनी जगह बना सकता है। प्रतिस्पर्धा बढ़ गयी है और मीडिया का विस्तार हो गया है। सूचना और जानकारी के साथ लोकतंत्र में खबरों का महत्व कभी समाप्त नहीं होगा।
- सवाल : क्या आने वाले समय में समाचार पत्र समाप्त हो जायेगा?
- जबाव : प्रिंट होने वाले अखबार की कीमत और उन्हें वितरण करने के व्यय के कारण इस क्षेत्र पर संकट दिख रहा है। लेकिन आज इनके वेबसाइट, यू ट्यूब न्यूज, इंस्टाग्राम न्यूज सहित पीडीएफ संस्करण का प्रभाव भी लगातार बढ़ रहा है। समाज में बदलाव को आशंका की दृष्टि से न देखकर एक उम्मीद और संभावना के तौर पर देखा जाना चाहिए।
अपनी जानकारी हर दिन बढ़ाये और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार रहें। विभिन्न कंपनियों में पीआर विभाग में भी संभावना है उसकी तैयारी करें। इसके अतिरिक्त छात्रों ने एन के मुरलीधर से कैरियर तथा पत्रकारिता से संबंधित बहुत सारे सवाल भी पूछे। इस अवसर पर विभागीय शिक्षक मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि पत्रकारिता विभाग अनुभवी लोगों को बुलाकर उनके अनुभव से छात्रों को रूबरु कराया जाता है। छात्र सीधे संवाद से अनुभव प्राप्त करते हैं।