टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में धूमधाम से संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर अनेक कार्यक्रम आयोजित किये गये। विद्यार्थियों द्वारा सविधान पर आधारित सूचनापट्ट साज - सज्जा के साथ प्रदर्शित किया गया।
समाज विज्ञान विभाग द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम संविधान के निर्माता बाबा साहब भीमराव आंबेडकर को पुष्पांजलि अर्पित की गयी।
कुमार कुशाग्र ने संविधान निर्माण की चुनौतियां विषय पर भाषण दिया तथा संविधान के महत्त्व को प्रतिपादित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान में वर्णित नियमों का पालन करने की प्रतिज्ञा दिलवायी। कक्षा दशम की सिद्रा अयाज ने प्रश्नोंत्तरी आयोजित की। कक्षा सप्तम के कौशिक पटेल ने भी अपना विचार रखा।
शिक्षक राजीव रंजन सिन्हा ने एक राष्ट्र, एक चुनाव विषय पर प्रकाश डाला। जिसपर कक्षा दशम के विद्यार्थियों के बीच वाद- विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गयी। विषय के पक्ष में तर्क देनेवाले शुभ तथा विपक्ष में तर्क देनेवाले अर्श को विजेता घोषित किया गया।
प्राचार्य एसके मिश्र ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम जागरूकता उत्पन्न करने के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने समाज विज्ञान विभाग के इंदिरा घोष, राजीव रंजन कुमार सिन्हा, जेनिफर खन्ना, आशा ममता कुजूर, कुमार कुशाग्र को बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन होते रहने चाहिए।
विद्यार्थी संविधान के विभिन्न पहलुओं को सबके समक्ष विभिन्न विधाओं द्वारा प्रदर्शित करें। एश्ले गुप्ता ने मंच संचालन किया। सभा में कक्षा दशम के सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित थे।सभा का समापन शांतिपाठ के साथ हुआ।