टीम एबीएन, कोडरमा। कोडरमा स्कूल सहोदय कांप्लेक्स के तत्वावधान में हिंदी कविता वाचन प्रतियोगिता का आयोजन कैलाश सरस्वती विद्या मंदिर झुमरी तिलैया में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में कोडरमा सहोदया कांप्लेक्स के 13 विद्यालयों के छात्र छात्राएं शामिल हुए। कार्यक्रम का प्रारंभ दीप प्रज्वलन व पुष्पार्चन के साथ प्रारंभ हुआ।
इस अवसर पर कोडरमा स्कूलस सहोदया कांप्लेक्स के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार सिंह, सचिव शर्मेंद्र कुमार साहू, मीडिया प्रभारी सह विवेकानंद कॉन्वेंट स्कूल के निदेशक अनिल कुमार, कोषाध्यक्ष मकसूद आलम कैलाश राय सरस्वती विद्या मंदिर के अध्यक्ष नारायण सिंह कोषाध्यक्ष नवल कुमार एवं विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे। ग्रिजली विद्यालय के निदेशक अविनाश सेठ और मंजुला शर्मा अकादमी के प्राचार्य रामप्रवेश पांडे, बीआर इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक ओपी राय एवम आरपी मोदी स्कूल के प्राचार्य विक्रम सिन्हा की भी उपस्थित रही।
निर्णायक के रूप में राकेश शुक्ल, साईं शरण चौबे और अनुपम शुक्ला उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान जीएस पब्लिक स्कूल को मिला। वही दूसरा स्थान सेक्रेड हार्ट स्कूल को मिला तथा तीसरा स्थान ग्रिजली विद्यालय को प्राप्त हुआ। अतिथि परिचय कोडरमा स्कूल सहोदया कांप्लेक्स के सचिव और कैलाश राय सरस्वती विद्या मंदिर के प्राचार्य शर्मेंद्र कुमार साहू ने कराया।
मौके पर कोडरमा सहोदया के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार सिंह ने अपने वक्तव्य में कहा की भैया बहन की प्रतिभा मायने रखती है क्योंकि जीत और हार तो एक सिक्के के दो पहलू हैं साथ साथ ही उन्होंने कोडरमा सहोदया के बारे में भी भैया बहनों को बताया। जबकी पुरस्कार वितरण प्रभारी मनोज कुमार सिंह के द्वारा किया गया।
अपने अध्यक्षीय आशीर्वचन में नारायण सिंह ने कहा कि अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों में पढ़ने वाले भैया बहनों में हिंदी के प्रति ऐसी रुचि हमें भाव विभोर करती है। उन्होंने निर्णायकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि वह धन्य है जिन्होंने इस प्रकार नीर क्षीर निर्णय दिया है। धन्यवाद ज्ञापन आचार्य प्रदीप कुमार के द्वारा किया गया। मंच संचालन बहन रूपम कुमारी और बहन मनीषा कुमारी के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।