- झारखंड के जामताड़ा में दर्दनाक हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत; कई घायल
एबीएन न्यूज नेटवर्क, जामताड़ा। झारखंड के जामताड़ा जिले में बुधवार रात दर्दनाक ट्रेन हादसा हुआ। कलझारिया के पास 12 लोग ट्रेन की चपेट में आ गये, जिनमें से दो की ट्रेन से कटने से मौत हो गयी। वहीं इस हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं। इनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि ये सभी अंग एक्सप्रेस में सवार थे। तभी किसी ने अंग एक्सप्रेस में आग लगने की सूचना फैला दी।
आनन-फानन में यात्री चलती ट्रेन से रेलवे ट्रैक पर कूद गए। इसी बीच सामने से आ रही झाझा-आसनसोल ट्रेन यात्रियों के ऊपर से गुजर गई। अब तक मिल रही जानकारी के मुताबिक, जामताड़ा-करमाटांड़ के कलझारिया के पास दो लोगों की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई है।
वहीं इस हादसे में कई अन्य लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। ट्रेन हादसे के बाद मौके पर रेलवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन पहुंच गया है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है। काफी संख्या में स्थानीय लोग भी पुलिस-प्रशासन की मदद के लिए घटनास्थल पर मौजूद हैं।
हालांकि स्थानीय लोगों ने बताया कि जामताड़ा-करमाटांड़ के बीच कालाझरिया रेलवे हॉल्ट पर आसनसोल-झाझा पैसेंजर ट्रेन रुकी थी, जिससे यात्री नीचे उतरे हुए थे। इसी दौरान भागलपुर-यशवंतपुर एक्सप्रेस ट्रेन गुजर रही थी, जिसके चपेट में लोग आ गये।
जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी ने कहा कि उन्हें ट्रेन हादसे की सूचना मिली है। ये दर्दनाक हादसा है। उन्होंने जिला प्रशासन और रेलवे प्रशासन से इस संबंध में बात कर तत्काल मदद पहुंचाने को कहा है। वह भी घटनास्थल के लिए रवाना हो रहे हैं। यह हादसा कैसे हुआ, किसकी लापरवाही से हुआ, इसकी जांच होनी चाहिए।