तीन घायल, कई नक्सलियों को भी लगी गोली
घायल एक जवान को रांची एयरलिफ्ट किया गया
एबीएन न्यूज नेटवर्क, चतरा। जिले के जोरी थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में सदर थाना का एक जवान समेत दो शहीद हो गये है। तीन अन्य जवान भी घायल हैं, जिसमें एक की हालत गंभीर है। गंभीर अवस्था को देखते हुए एक जवान को एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया। शहीद जवानों के नाम सिकंदर सिंह और शुकर राम बताया जा रहा है।
ये मुठभेड़ सदर थाना और जोरी बॉर्डर के बैरियो जंगल में हुई है। सुरक्षाबल बल के जवान इलाके में सर्चिग पर निकले थे। इसी दौरान घात लगाए नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई में नक्सली भाग खड़े हुए। सुरक्षाबल इलाके में घेराबंदी कर सर्च आपरेशन चला रहें हैं। घटना की एसडीपीओ संदीप सुमन ने पुष्टि की है। इस मुठभेड़ में कई नक्सलियों को भी गोली लगी है। अपने घायल साथियों को नक्सली ले कर भागने में सफल रहे।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त बल वहां भेजा गया है। आपरेशन जारी है। एक अन्य जानकारी के अनुसार सुरक्षाकर्मी अफीम की फसल नष्ट कर लौट रहे थे। इसी दौरान टीपीसी नक्सली संगठन के दस्त ने अचानक पुलिस बल पर हमला कर दिया। नक्सलियों की फायरिंग में दो पुलिसकर्मी सिकंदर सिंह और शुकर राम शहीद हो गये।
वहीं तीन जवान कृष्णा, आकाश और संजय घायल हैं। आनन-फानन में घायल जवानों को सदर अस्पताल लाया गया जहां उनकी गंभीर अवस्था देखते हुए रांची रेफर कर दिया गया। शहीद सिकंदर राम गया के और शुकर राम पलामू के रहने वाले थे। एसडीपीओ ने कहा कि पूरे मामले की जानकारी ली जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में सर्च आॅपरेशन तेज कर दिया गया है।
टीपीसी के नाम पर मांगी लेवी
वहीं दूसरी ओर चतरा के ही टंडवा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम दो बाइक से आये चार नकाबपोशों ने उतराठी गांव में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों को बाधित किया। हवाई फायरिंग कर ठेकेदार से लेवी मांगी। घटना की सूचना पर बुधवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। आशंका है कि टीपीसी के नाम पर अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया हो। फिलहाल, जांच-पड़ताल कर रही है।