झारखंड में 26001 पदों पर शिक्षक नियुक्ति में आवेदन की तिथि बढ़ी, जानें नयी तारीख
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के 26,001 सहायक आचार्य पद के लिए मंगलवार से किये जाने वाले आनलाइन आवेदन की तिथि बढ़ा दी गयी है। अब 16 अगस्त से अभ्यर्थी आनलाइन आवेदन कर सकेंगे। अभ्यर्थी 15 सितंबर की मध्य रात्रि तक आवेदन कर सकेंगे। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।
जेएसएससी ने पहले 8 अगस्त से सात सितंबर तक आवेदन की समय सीमा तय की थी। अपरिहार्य कारणों से झारखंड प्रारंभिक विद्यालय सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के आवेदन करने की तारीख में बढ़ोतरी की गयी है।
15 सितंबर तक आवेदन करने के बाद 17 सितंबर की मध्य रात्रि तक इसके परीक्षा शुल्क जमा हो सकेंगे। 19 सितंबर की मध्य रात्रि तक फोटो व हस्ताक्षर अपलोड कर सकेंगे। वहीं, आनलाइन आवेदन पत्र में संशोधन की प्रक्रिया 21 सितंबर से 23 सितंबर की मध्य रात्रि तक होगी।
पहली बार एक साथ 26 हजार बहाली
राज्य में पहली बार एक साथ 26,001 सहायक आचार्यों की नियुक्ति होगी। इसमें पारा शिक्षकों के लिए 12,868 पद और गैर पारा शिक्षकों के लिए 13,133 पद आरक्षित रखे गये हैं। पहली से पांचवीं क्लास के लिए इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक आचार्य की नियुक्ति में पारा शिक्षकों के लिए 5469 और गैर पारा शिक्षकों के लिए 5531 पद आरक्षित किये गये हैं।