टीम एबीएन, रांची। आप विभिन्न जगहों से यहां आये हैं, लेकिन इस महाविद्यालय में आप एक हैं और आपको एक होकर ही आगे की ओर बढ़ना है। उक्त बातें कॉलेज सचिव रेव्ह पीटर बारला ने छात्रों को उत्साहित करते हुए कही। उन्होंने कॅरियर के लिए मौजूदा तकनीक पर भी चर्चा की और शिक्षा के साथ उनके सही तालमेल को प्राथमिकता देने की सलाह दी।
मौका था संत पॉल्स कॉलेज में इंटरमीडिएट के नये छात्र-छात्राओं के आगमन पर उनके स्वागत कार्यक्रम का, जिसका आयोजन कॉलेज सभागार में शुक्रवार को किया गया। इसमें साइंस, कॉमर्स और आर्टस फैकल्टी के लगभग बारह सौ छात्र-छात्राएं शामिल हुईं। कार्यक्रम में सीडीईएस स्कूल इंस्पेक्टर रेव्ह डेविड ने छात्रों से बुद्धिऔर ज्ञान के लिए ईश्वर के प्रति भय मानने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि ज्ञान का स्रोत सर्वशक्तिमान ईश्वर ही है, जिनसे हमें जीवन के उद्देश्यों की पहचान मिल पाती है। छोटानागपुर डायसिस के उपसचिव रेव्ह सिकंदर नाग ने अनुशासन के प्रति ईमानदार रहने की सलाह देते हुए छात्रों से जीवन के हरेक क्षेत्र में कर्तव्यनिष्ठ और आज्ञाकारी बनने को कहा।
इस मौके पर कॉलेज के प्रार्चाय डॉ अनुज कुमार तिग्गा ने छात्रों का स्वागत कर उन्हें धैर्यवान बनने की सलाह दी और कहा कि जो धैर्य और धीर होते हैं वहीं आगे बढ़ते हैं। इस संबंध में उन्होंने कहानी के माध्यम से छात्रों का उत्साह वर्द्धन भी किया।
इसके पूर्व कार्यक्रम में नये छात्र-छात्राओं के बेहतर भविष्य और शिक्षा के लिए प्रार्थना की गयी। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में छात्र-छात्राओं का परिचय शिक्षकों और कॉलेज के शिक्षकेतर कर्मचारियों से कराया गया।
परीक्षा विभाग के डॉ बिमल कुमार साहू ने कॉलेज के नियम, अनुशासन की शर्तें और कक्षाओं की समयसारिणी पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में सीडीईएस के अधिकारीगण, प्राचार्य डॉ अनुज कुमार तिग्गा सहित सभी संकाय के शिक्षकगण और शिक्षेकेतर कर्मचारी मौजूद थे।