जानें कौन हैं भारत के टॉप 10 संस्थान
एबीएन कैरियर डेस्क। क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2024 जारी कर दी गयी है। गौरतलब है कि इसमें दुनिया भर के विश्वविद्यालयों को रैंकिंग दी जाती है। दुनियाभर के इंस्टिट्यूट्स को अलग-अलग पैमानों पर आंकने के बाद उसे स्कोर दिया जाता है। इसी स्कोर के आधार पर रैंकिंग तैयार की जाती है।
हालिया रैंकिंग मंगलवार को जारी की गयी है, इस रैंकिंग में दुनिया के टॉप 150 विश्वविद्यालयों में एक भारतीय संस्थान ने भी जगह बनायी है। यह संस्थान है आईआईटी बांबे। आईआईटी बॉम्बे को इस रैंकिंग में 149वां स्थान मिला है। इसके बाद दूसरा भारतीय संस्थान है आईआईटी दिल्ली, जिसे 197वीं रैंक दी गयी है।
यह बीते 8 सालों में पहली बार है, जब किसी भारतीय संस्थान ने टॉप 150 में जगह बनायी है। इससे पहले वर्ष 2016 में आईआईएससी बैंगलोर को 147वीं रैंक मिली थी। हांलाकि पिछले साल के मुकाबले आईआईएससी बैंगलोर के स्थान में काफी गिरावट आयी है। जहां पिछले साल संस्थान की रैंकिंग 155 थी, वहीं इस साल इसे 225वां स्थान दिया गया है।
दुनिया के टॉप 500 संस्थानों में भारत के 11 संस्थानों ने जगह बनायी है। आईआईटी बॉम्बे, आईआईटी दिल्ली, आईआईएससी बैंगलोर के बाद 271वें स्थान पर आईआईटी खडगपुर, 278वें में आईआईटी कानपुर, 285वें स्थान पर आईआईटी मद्रास, 364वें में आईआईटी गुवाहाटी, 369वें में आईआईटी रुड़की, 407वें में दिल्ली विश्वविद्यालय और 427वें में अन्ना विश्वविद्यालय शामिल है।
- 149 आईआईटी बॉम्बे
- 197 आईआईटी दिल्ली
- 225 इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस
- 271 आईआईटी खड़गपुर
- 278 आईआईटी कानपुर
- 285 आईआईटी मद्रास
- 364 आईआईटी गुवाहाटी
- 369 आईआईटी रुड़की
- 407 दिल्ली विश्वविद्यालय
- 427 अन्ना विश्वविद्यालय