टीम एबीएन, रांची। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन हैदराबाद द्वारा युविका (YUVICA) - 2023 के तहत अखिल राष्ट्रीय स्तर पर युवा वैज्ञानिक खोज कार्यक्रम के तहत आयोजित ऑनलाइन प्रतियोगिता परीक्षा में विभिन्न राज्यों से चयनित 350 छात्रों में झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करने का गौरव हासिल किया है, नेतरहाट आवासीय विद्यालय के दसवीं कक्षा के छात्र चिरंजीवी आर्यन गुप्ता ने।
चि. आर्यन ने इसरो द्वारा आयोजित उपरोक्त परीक्षा में नवां स्थान प्राप्त कर विद्यालय का मान वर्धन किया है। होनहार बिरवान के होत हैं चिकने पात... मुहावरे को चरितार्थ करते हुए यह छात्र अपने कक्षा का भी सर्वोत्कृष्ट छात्र रहा है। साथ ही यह विद्यालय छात्र प्रभारी मंडल का भी एक सक्रिय सदस्य है। विज्ञान में, विशेष तौर पर भौतिकी में इनकी गहरी अभिरुचि है।
नेतरहाट आवासीय विद्यालय के द्वितीय आश्रम वर्ग के आनंद आश्रम का दिवा छात्र चिरंजीवी आर्यन विद्यालय के भौतिकी शिक्षक डॉ राजेश चंद्र गुप्ता का जेष्ठ पुत्र है। विद्वान पिता का यह होनहार पुत्र अंतरिक्ष विज्ञान में गहरी समझ रखता है।
चिरंजीवी आर्यन की इस उपलब्धि पर विद्यालय में उनके सहपाठी एवं सभी शिक्षकों के बीच हर्ष का माहौल है।
विद्यालय प्राचार्य डॉ संतोष कुमार सिंह ने सम्मेलन में चिरंजीवी आर्यन को सम्मानित किया एवं आशीर्वाद दिया। प्राचार्य डॉक्टर संतोष कुमार सिंह जी ने चिरंजीवी आर्यन की हौसला अफजाई करते हुए इनके विशेष प्रशिक्षण हेतु हैदराबाद जाने-आने एवं प्रवास की समुचित व्यवस्था विद्यालय स्तर पर किये जाने की घोषणा की।
ज्ञातव्य हो कि उपरोक्त कार्यक्रम के तहत चयनित प्रतिभागियों को दिनांक 14/05/23 से 27/05/23 तक इसरो हैदराबाद में अंतरिक्ष की विशेषताओं एवं बारीकियों का विशेष प्रशिक्षण दिया जाना है।