Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
करियर

झारखंड : राज्य को अगले माह मिलेंगे 9000 शिक्षक

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
झारखंड : राज्य को अगले माह मिलेंगे 9000 शिक्षक
विज्ञापन

टीम एबीएन, रांची। शिक्षा विभाग ने राज्य में शिक्षकों के खाली पदों को भरने की तैयारी शुरू कर दी है। विभागीय सचिव के रवि कुमार के अनुसार शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। शिक्षकों की नियुक्ति जेएसएससी और जेपीएससी के माध्यम से होगी। 

उन्होंने कहा कि 2016 से चल रहे हाई स्कूल शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया के तहत सुप्रीम कोर्ट के निदेर्शानुसार चयनित शिक्षकों को अगले माह खेलगांव में नियुक्ति पत्र मुख्यमंत्री के हाथों दिया जायेगा। इसके तहत करीब 9000 शिक्षकों की नियुक्ति राज्य के विभिन्न जिलों में स्थित हाई  स्कूलों में अलग-अलग विषयों में होगी। 

मुख्यमंत्री के हाथों मिलेगा नियुक्ति पत्र 

खेलगांव में एक साथ 9000 शिक्षकों के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शिरकत करने वाले हैं। इसके अलावा राज्य सरकार के आला अधिकारी मौजूद रहेंगे। 

इधर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर चयन प्रक्रिया को अंतिम रूप देने में जुटा झारखंड कर्मचारी चयन आयोग लगातार विभिन्न विषयों के शिक्षकों का अंतिम परिणाम जारी कर जिलास्तर पर शिक्षा पदाधिकारी के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों का सर्टिफिकेट वेरीफिकेशन का कार्य करवा रहा है। 

पीजीटी के अलावे मॉडल स्कूल और कस्तूरबा स्कूल में होगी नियुक्ति 

नियोजन नीति में बदलाव के बाद राज्य में बड़े पैमाने पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके तहत झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से राजकीय +2 स्कूलों में विभिन्न विषयों के शिक्षकों की कमी को देखते हुए 2137 पीजीटी शिक्षकों की सीधी भर्ती और 265 बैकलॉग रिक्तियों को भरा जाएगा।

इसके अलावा स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के लैब असिस्टेंट पदों के लिए भी नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके तहत 690 लैब असिस्टेंट राज्य में नियुक्त किए जाएंगे। 

शिक्षा विभाग ने कस्तूरबा विद्यालय और मॉडल स्कूलों में कॉन्ट्रैक्ट आधारित शिक्षकों को भी नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू की है। इसके जरिए कस्तूरबा स्कूलों में करीब 400 शिक्षकों की नियुक्ति होगी और मॉडल विद्यालयों में लगभग 2000 शिक्षकों की नियुक्ति करने की तैयारी है।

राजकीय प्लस टू स्कूलों में प्राचार्य के खाली पदों को भरने के लिए झारखंड लोक सेवा आयोग को जिम्मेदारी दी गई है। जिसके तहत राजकीय, राजकीयकृत बालक एवं बालिका प्लस टू स्कूलों में प्राचार्य के 39 पदों पर सीधी नियुक्ति की जाएगी।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 79,533