Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
करियर

रांची विवि : मास कॉम विभाग में पांच दिवसीय राष्ट्रीय विमर्श कार्यक्रम का शुभारंभ

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
रांची विवि : मास कॉम विभाग में पांच दिवसीय राष्ट्रीय विमर्श कार्यक्रम का शुभारंभ
विज्ञापन

टीम एबीएन, रांची। 13 फरवरी को स्कूल आॅफ मास कम्युनिकेशन आरयू में पांच दिवसीय राष्ट्रीय विमर्श जोहार कार्यक्रम का बेहतरीन आगाज हुआ। मुख्य अतिथि कुलपति आरयू प्रो डॉ अजीत कुमार सिन्हा व अन्य ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम  आरयू के स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत मुबंई यूनिवर्सिटी के केइएस श्राफ कॉलेज के आये छात्रों की टीम के साथ कराया जा रहा है।  

केइएस कॉलेज के दो शिक्षकों आशीष रिछार्या तथा युवती नंदू के नेतृत्व में मास कॉम परिसर में आगमन पर मुंबई से आये छात्रों का आरयू मास कॉम की टीम द्वारा सबसे पहले झारखंडी परंपरा के अनुसार ढोल मांदर के साथ झारखंडी गमछा ओढ़ा कर स्वागत किया गया। इसके बाद विभाग के आडिटोरियम में पीएफए विभाग के छात्रों द्वारा कुलगीत प्रस्तुत किया गया। कुलगीत के बाद परफॉर्मिंग एंड फाइन आर्ट विभाग की छात्रा ने शिव वंदना पर नृत्य प्रस्तुत कर सभागार में सबों को अभिभूत कर दिया। उसके बाद छात्रों ने माइम की लाजवाब  प्रस्तुति दी ।  

दीप प्रज्ज्वलन के बाद पीजी अंग्रेजी विभाग के हेड तथा मास कॉम के उपनिदेशक डॉ विष्णु चरण महतो ने अपने संबोधन में सबों का स्वागत किया और कहा कि आज हमारे रांची विश्वविद्यालय तथा मास कॉम विभाग के लिेये यह गर्व एवं उपलब्धि का दिन है।  
मास कॉम के निदेशक प्रो डॉ बीपी सिन्हा  ने सबों का जोहार करते हुये स्वागत किया और इस विमर्श कार्यक्रम को छात्रों के लिये बहुत ही नया और ज्ञानप्रद बताया। उन्होंने कहा कि आरयू और मास कॉम के लिये यह राष्ट्रीय विमर्श कार्यक्रम एक उपलब्धि है।  

डॉ आशीष रिछार्या ने कहा कि हम आरयू के साथ एक बहुत अच्छी शुरुआत कर रहे हैं और इस सहयोग से फिल्म तथा डॉक्यूमेंट्री निर्माण में हम कुछ नया करेंगे। क्योंकि हमें कहानियां और मुद्दे झारखंड जैसे राज्यों से ही प्राप्त होते हैं। इन्हीं कहानियों पर हम मुबंई में फिल्में बनाते हैं। शिक्षिका युवती नंदू ने कहा कि यहां आकर आपके स्वागत से हम अभिभूत हुए। हम न्यू मीडिया, न्यू सिनेमा, साहित्य पर बहुत कुछ रचनात्मक करने जा रहे हैं।   

आरयू के वोकेशनल की डिप्टी डायरेक्टर डॉ स्मृति सिंह ने कहा कि स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत मुबंइ युनिवर्सिटी के छात्र यहां आये हैं। आप सबों का स्वागत है आप झारखंड आये हैं तो झारखंड के बारे में बहुत कुछ जानेंगे वैसे ही हमारे छात्र मुंबई जायेंगे वो वहां के बारे में जानेंगे। इस तरह हम छात्रों को बहुत कुछ सीखने का मंच प्रदान कर रहे हैं। अब कुलपति आरयू के नेतृत्व में हम कल्चरल टूर के साथ ही अकादमिक टूर भी आयोजित कर हैं।  

छात्रों को वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय आरा  के पूर्व कुलपति डॉ एसपी सिंह ने भी संबोधित किया और कहा कि मैं स्वयं तो जियोलॉजी का प्राध्यापक रहा और सदैव पत्थरों और चट्टानों को समझता समझाता रहा, पर आज इस तरह के कार्यक्रम में आकर मुझे बहुत नयापन सा लग रहा है।  दूरदर्शन के पूर्व निदेशक पीके झा ने भी छात्रों को संबोधित किया और शुभकामनाएं दी।  

कार्यक्रम के पहले दिन बीजू  टोप्पो और मेघनाद की फिल्में सोहराई और गाड़ी लोहरदगा मेल दिखाई गयी। साथ ही उन्होंने छात्रों को फिल्म तथा डॉक्युमेंट्री निर्माण की बारीकियों को भी बताया। कार्यक्रम का संचालन मास कॉम की छात्रा अंशिता ने किया। 

इस अवसर पर मुख्य अतिथि कुलपति आरयू डॉ अजीत कुमार सिन्हा के अलावा, रजिस्ट्रार डॉ मुकुंद चंद्र मेहता, परीक्षा  नियंत्रक डॉ आशीष कुमार झा, डीएसडब्ल्यू डॉ जीएस झा, सीसीडीसी डॉ पीके झा, प्रॉक्टर डॉ बीआर झा, डिप्टी डायरेक्टर वोकेशनल डॉ स्मृति सिंह, मुंबई से आये छात्रों शिक्षकों की टीम के अलावा आरयू मास कॉम, जेवियर कॉलेज आरकेडीएफ विश्वविद्यालय  के छात्र उपस्थित रहे। 

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 41,623