टीम एबीएन, रांची। बारहवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण करने के साथ - साथ विद्यार्थियों को भविष्य की भी चिंता होती है। वे विभिन्न क्षेत्रों में अपने सुनहरे भविष्य की संभावनाएं तलाशना आरंभ कर देते हैं। फिर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाएं उन्हें मंजिल तक पहुंचने का रास्ता दिखाती हैं। ऐसी ही एक सम्मानित परीक्षा एनटीए द्वारा आयोजित जेईई मेंस का परिणाम आते ही इसमें सफल विद्यार्थियों की बांछे खिल गयीं।
इस परीक्षा में एसआर डीएवी पुंदाग के छह विद्यार्थियों ने सफलता के परचम लहराये। इन सभी विद्यार्थियों ने नब्बे पर्सेंटाइल से अधिक अंक प्राप्त करके अपने अभिवावकों तथा विद्यालय का नाम रोशन किया। सृजन ने 97.41, ऋत्विक राज ने 97.36, आदित्य रंजन ने 94.24, रनस सिन्हा ने 94.20, आदित्य राज ने 92.79 तथा आदित्य कुमार ने 91.44 पार्सेंटाइल अंक प्राप्त किये। इन सभी विद्यार्थियों के हौंसले बुलंद हैं। ये सभी भविष्य में होनेवाली जेईई एडवांस्ड परीक्षा के लिए उत्साहित हैं।
प्राचार्य श्री संजय कुमार मिश्रा ने इन सभी विद्यार्थियों को उनकी सफलता पर बधाई और शुभकामनाएं संप्रेषित की हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मेहनत ही सफलता की कुंजी है। इसका कोई संक्षिप्त मार्ग नहीं होता। विद्यार्थियों ने अपना लक्ष्य निर्धारित कर लिया है। सफलता अवश्य ही उनके कदम चूमेगी। अभी तो शुरुआत है। यदि आगाज इतना अच्छा रहा तो अंजाम बेशक और भी शानदार होगा। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थी को सतत परिश्रम करते रहने की सलाह दी।