रांची। पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग, रांची विश्वविद्यालय में त्रिवर्षीय बैचलर इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन में नामांकन के लिये आवेदन फार्म मिलने लगा है। किसी भी संकाय से (इंटरमीडियेट या कक क्लास) 45 प्रतिशत अंकों के साथ 12वीं उत्तीर्ण छात्र नामांकन ले सकते हैं। छात्र आवेदन फार्म मोराबादी कैंपस स्थित विभाग के कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं या विभाग के वेबसाइट www.djmcru.org.in से डाउनलोड कर भरा हुआ आवेदन फार्म विभाग में 500रू. नकद के साथ दिनांक 30-09-2021 तक जमा कर सकते हैं। विशेष जानकारी के लिये आवेदक 9471105421, 7667030296 फोन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। इसी वर्ष 27 जनवरी को रांची विश्वविद्यालय के मोराबादी कैंपस में पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने इसके नवनिर्मित भव्य भवन और कैंपस का उद्घाटन किया था। नये भवन में आधुनिक लायब्रेरी, आॅडियो - वीडियो स्टूडियो, कंप्यूटर लैब, आधुनिक सुविधाओं से लैस आॅडिटोरियम एवं सुविधासंपन्न क्लासरूम और आधुनिक उपकरणों से युक्त सारी सुविधाओं के मिलने के बाद बैचलर इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन कोर्स को रांची विश्वविद्यालय के बोर्ड आफ स्टडीज ने स्वीकृति प्रदान की है। अब इस सत्र से झारखंड के छात्र रांची विश्वविद्यालय से आधुनिक सुविधाओं के साथ पत्रकारिता में बैचलर डिग्री प्राप्त कर सकेंगे। यहां पहले से ही एमए इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई हो रही है। ज्ञात हो कि 1987 में स्थापित पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग रांची विश्वविद्यालय संयुक्त बिहार के समय ही पूरे राज्य का पहला पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग है।