टीम एबीएन, खूंटी/ रांची। जिला में पहली बार होमगार्ड की बंपल बहाली की तैयारी पूर्ण कर ली गयी है। बिरसा कॉलेज फुटबॉल स्टेडियम में 18 नवंबर से 24 नवंबर तक नॉन स्टॉप बहाली प्रक्रिया चलेगी। इसके लिए 12 मजिस्ट्रेट, 17 पुलिस पदाधिकारी और 51 जवानों को बहाली मोर्चे पर तैनात किए गए हैं। खूंटी जिला में 491 होमगार्ड के पद के लिए 6243 अभ्यर्थी बहाली प्रक्रिया में शामिल हो रहे हैं।
खूंटी में होमगार्ड की भर्ती शुरू हो चुकी है। बहाली प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो इसके लिए फिजिकल एग्जाम का ऑन-द-स्पॉट परिणाम घोषित किया जायेगा। इसकी निष्पक्षता के लिए 8 वीडियो कैमरे से पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग करायी जायेगी। 18 से 24 नवंबर तक चलने वाले होमगार्ड बहाली प्रक्रिया सुबह 7 बजे से ही आरंभ कर दी गयी है। इसके लिए फुटबॉल स्टेडियम में गोला फेंक, ऊंची कूद के लिए ट्रैक का निर्माण भी पूर्ण कर लिया गया है।