कानून व्यवस्था
हाई कोर्ट के अधिवक्ता राजीव कुमार लाये गये, ईडी ने शुरू की पूछताछ
ABN Bureau
•
21 Aug, 2022
1 Views
विज्ञापन
टीम एबीएन, रांची। झारखंड हाई कोर्ट के अधिवक्ता राजीव कुमार को ईडी रिमांड पर लेकर कोलकाता से रांची पहुंच चुकी है। वापस लाने के बाद राजीव कुमार का रांची सदर अस्पताल में मेडिकल जांच कराया गया। मेडिकल जांच के बाद ईडी की टीम अधिवक्ता राजीव कुमार को अपने साथ रांची एयरपोर्ट रोड स्थित ईडी के जोनल कार्यालय लेकर पहुंची है, जहां उनसे पूछताछ शुरू हो गई है। कोलकाता से 50 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार झारखंड हाई कोर्ट के अधिवक्ता राजीव कुमार को ईडी की टीम रांची लेकर पहुंच गई। राजीव कुमार से 20 अगस्त से ही पूछताछ होनी थी, लेकिन यह संभव नहीं हो पाया। क्योंकि कोलकाता पुलिस ने इस मामले में अड़ंगा लगा दिया था। जिसके बाद ईडी कोर्ट चली गई और फिर वहां से ईडी को राजीव कुमार को रांची लाने की इजाजत मिली। 31 जुलाई को झारखंड हाई कोर्ट के अधिवक्ता राजीव कुमार की कोलकाता से गिरफ्तारी हुई थी। आरोप था कि उनके खिलाफ झारखंड हाईकोर्ट में दाखिल एक जनहित याचिका में राहत पहुंचाने के नाम पर अधिवक्ता ने पहले 10 करोड़ रुपये की मांग की थी, लेकिन बाद में एक करोड़ रुपये देने की बात तय हुई। पहली किस्त में 50 लाख रुपये लेने के लिए ही राजीव कुमार कोलकाता आये थे। जहां उन्हें 50 लाख रुपये कैश के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
विज्ञापन