- छत पर सोलर पैनल है तो आपको मिलेगा 2 लाख रुपये तक का बीमा कवर, समझिए पूरा प्लान
एबीएन सेंट्रल डेस्क। घर की छत पर लगे सोलर पैनल को आग, तूफान, चोरी और दूसरे तय जोखिमों से बचाने के लिए बीमा कराया जा सकता है। पॉलिसीबाजार ने सालाना 1,030 रुपये से शुरू होने वाले प्रीमियम की जानकारी दी है।
बिजली का बिल कम करने के लिए घरों की छत पर सोलर पैनल लगवाने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। लेकिन अगर आंधी, तूफान, आग या किसी दूसरी वजह से सोलर पैनल खराब हो जाए, तो उसे ठीक कराने या बदलने पर बड़ी रकम खर्च करनी पड़ सकती है। ऐसे नुकसान से बचने के लिए अब सोलर पैनल का बीमा भी कराया जा सकता है।
पॉलिसी बाजार ने अपनी इंश्योरेंस पार्टनर कंपनियों के साथ मिलकर रूफटॉप सोलर इंश्योरेंस की सुविधा शुरू की है। इसके तहत सालाना 1,030 रुपये के प्रीमियम पर दो लाख रुपये तक का बीमा कवर मिल सकता है। हालांकि, बीमा लेने से पहले यह जानना जरूरी है कि पॉलिसी में किन चीजों का कवर मिलेगा और किन परिस्थितियों में क्लेम नहीं मिलेगा।
कैसे नुकसान पर मिलेगा कवर?
पॉलिसीबाजार के मुताबिक, सोलर पैनल इंश्योरेंस में आग लगने, बिजली गिरने, आंधी, तूफान, चक्रवात, चोरी और बाहर से किसी भारी चीज के टकराने से होने वाले नुकसान को कवर किया जा सकता है।
यह बीमा केवल सोलर पैनल तक सीमित नहीं है। इसमें इनवर्टर, बैटरी, पैनल लगाने के लिए इस्तेमाल होने वाले ढांचे और छत पर सोलर प्लांट लगाने से जुड़े जरूरी निर्माण कार्य की लागत भी शामिल की जा सकती है। हालांकि, वास्तविक कवर बीमा पॉलिसी की शर्तों पर निर्भर करेगा।
कितना देना होगा सालाना प्रीमियम?
यह बीमा एक साल के लिए मिलेगा। ग्राहक अपने सोलर सिस्टम की कीमत के हिसाब से 10,000 रुपये से लेकर 50 लाख रुपये तक का कवर चुन सकते हैं। प्रीमियम की रकम सोलर सिस्टम की कीमत और उस जगह के पिन कोड पर निर्भर करेगी, जहां इसे लगाया गया है। पॉलिसीबाजार ने दिल्ली के पिन कोड 110011 के लिए कुछ उदाहरण दिए हैं।
बीमा कवर सालाना प्रीमियम
- ₹2 लाख ₹1,030
- ₹3 लाख ₹1,546
- ₹5 लाख ₹2,576
इन प्रीमियम में जीएसटी शामिल है। हालांकि, दूसरे शहरों या इलाकों में बीमा की वास्तविक कीमत अलग हो सकती है।
किन लोगों के लिए उपयोगी?
जिन परिवारों ने अपने घर पर सोलर सिस्टम लगवाने में बड़ी रकम खर्च की है, उनके लिए यह बीमा उपयोगी हो सकता है। खासकर समुद्र तटीय और पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए, जहां मौसम से जुड़े जोखिम ज्यादा हो सकते हैं।
सरकारी सब्सिडी का फायदा लेकर सोलर पैनल लगवाने वाले लोग भी अपने निवेश को सुरक्षित रखने के लिए बीमा कराने पर विचार कर सकते हैं। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि सोलर सिस्टम में आने वाली हर खराबी का खर्च बीमा कंपनी उठाएगी।
बीमा खरीदने से पहले क्या देखें?
सोलर इंश्योरेंस खरीदने से पहले यह जरूर जांचें कि बीमा की रकम पूरे सिस्टम को दोबारा लगवाने की लागत के बराबर है या नहीं। इसके अलावा पॉलिसी में कौन से नुकसान शामिल नहीं हैं, इसकी जानकारी भी लें। खासकर मशीन या बिजली से जुड़ी खराबी और लंबे इस्तेमाल से होने वाले नुकसान पर कवर मिलेगा या नहीं, यह जांचना जरूरी है।
साथ ही क्लेम करने के लिए जरूरी दस्तावेज, अपनी जेब से चुकाई जाने वाली रकम और क्लेम सेटलमेंट की प्रक्रिया भी समझ लें। पॉलिसीबाजार की ओर से दी गई जानकारी में इन सभी शर्तों का पूरा ब्योरा नहीं है। इसलिए केवल कम प्रीमियम देखकर बीमा खरीदने के बजाय पॉलिसी की शर्तें पढ़ना बेहतर होगा।