जेल में 20 वर्षीय कैदी से हैवानियत: 3 बार कुकर्म के आरोप में जेल अधिकारियों समेत 19 पर एफआईआर
टीम एबीएन, रांची। बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार के अधिकारियों समेत 19 लोगों के खिलाफ एक व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दर्ज करायी है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि जब उनका 20 वर्षीय बेटा विचाराधीन कैदी के रूप में जेल में बंद था तो उससे कथित तौर पर कुकर्म किया गया और उसे जबरन नशीले पदार्थों का सेवन कराया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पीड़ित की लिखित शिकायत को फाड़ दिया गया और उसे जेल में चिकित्सा सुविधा भी नहीं दी गयी। सदर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) संजीव बेसरा ने कहा कि शिकायत के आधार पर गुरुवार को खेलगांव थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी। मामले की जांच शुरू कर दी गयी है। रातु थाना क्षेत्र के निवासी शिकायतकर्ता ने कहा कि उनका बेटा एक मामले के सिलसिले में विचाराधीन कैदी के तौर पर जेल में बंद था और उसे 12 जून को सभी आरोपों से बरी कर दिया गया।
पुलिस के एक अधिकारी ने पीड़ित के पिता द्वारा दर्ज करायी गयी शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि जेल से रिहा होने के बाद युवक मानसिक पीड़ा में था और उसने अपने परिवार को पूरी आपबीती सुनायी। अधिकारी ने बताया कि शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जेल के भीतर सक्रिय विचाराधीन कैदियों के गिरोहों ने उससे कथित तौर पर तीन बार कुकर्म किया और उसे जबरन मादक पदार्थ का सेवन कराया गया।