अंचल अधिकारी पर गिरी गाज, करोड़ों के सरकारी जमीन घपला मामले में चलेगी विभागीय कार्रवाई
टीम एबीएन, रांची। राज्य सरकार ने राज्य प्रशासनिक सेवा की अधिकारी और नामकुम की तत्कालीन अंचल अधिकारी शुभ्रा रानी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई चलाने का आदेश दिया है। इसको लेकर कार्मिक विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। शुभ्रा रानी के ऊपर करोड़ों रूपए के जमीन के घपले का आरोप है। साथ ही उनपर वंशावली के सत्यापन की गलत रिर्पोट देने और सरकारी दिशा-निदेर्शों की सरेआम अनदेखी का भी आरोप है।
सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी सुनील कुमार को बनाया गया जांच अधिकारी
नामकुम की तत्कालीन सीओ शुभ्रा रानी पर आरोप है कि उन्होंने मौजा- हेथु (थाना नं- 298, खाता सं.-30, रकबा-3.64 एकड़) भूमि मामले में सरकारी दिशा-निर्देशों की अनदेखी की और किसी ठोस जांच-पड़ताल के बिना न केवल वंशावली का सत्यापन किया गया, बल्कि आला अधिकारियों को भूमि से संबंधित रिपोर्ट भी गलत भेज दी गयी।
इस मामले में जब रांची डीसी ने जांच की तो आरोप सही पाया गया। जिसके बाद उनके खिलाफ मुख्यमंत्री के अनुमोदन से विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। मामले में सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी सुनील कुमार को जांच अधिकारी बनाया गया है।