1 अक्टूबर से एलपीजी सिलेंडर के लिए जरूरी होगा बीएए, जान लें बायोमेट्रिक सत्यापन के 3 तरीके
एबीएन सेंट्रल डेस्क। सब्सिडी वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल करने वाले करोड़ों ग्राहकों के लिए अहम अपडेट सामने आया है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के दिशानिदेर्शों के मुताबिक 1 अक्टूबर 2026 से सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग के लिए बायोमेट्रिक आधार आॅथेंटिकेशन (बीएए) पूरी तरह से अनिवार्य कर दिया है।
जिन उपभोक्ताओं का बायोमेट्रिक सत्यापन पूरा नहीं होगा उन्हें रियायती दर पर मिलने वाले एलपीजी सिलेंडर के लिए ज्यादा जेब ढीली करनी पड़ सकती है। मंत्रालय ने ऐसे सभी उपभोक्ताओं से 1 अक्टूबर से पहले अपना बायोमेट्रिक आधार आॅथेंटिकेशन पूरा करने की अपील की है।
1 अक्टूबर से क्या बदल जायेगा?
नये नियम के तहत यदि कोई उपभोक्ता लागू सब्सिडी के साथ नियंत्रित खुदरा बिक्री मूल्य पर एलपीजी रिफिल बुक करना चाहता है, तो उसका बायोमेट्रिक आधार सत्यापन पूरा होना जरूरी होगा। जिन उपभोक्ताओं का इअअ पहले ही पूरा हो चुका है, उन्हें दोबारा किसी प्रक्रिया से गुजरने की जरूरत नहीं होगी। उनकी सिलेंडर बुकिंग और सब्सिडी का लाभ पहले की तरह जारी रहेगा।
तीन तरीकों से करा सकते हैं बायोमेट्रिक सत्यापन
सरकार और तेल कंपनियों ने उपभोक्ताओं को इअअ पूरा करने के लिए कई विकल्प दिये हैं।
- सिलेंडर डिलीवरी के समय : डिलीवरी कर्मचारी के मोबाइल ऐप के जरिए घर पर ही बायोमेट्रिक सत्यापन कराया जा सकता है।
- गैस एजेंसी पर जाकर : उपभोक्ता अपने संबंधित एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर या गैस एजेंसी के शोरूम पर जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
- मोबाइल ऐप के जरिए : उपभोक्ता संबंधित तेल कंपनी के आधिकारिक ऐप से भी आॅथेंटिकेशन कर सकते हैं:
- इंडेन : इंडियन आॅयल वन ऐप्प
- भारत गैस : हेल्लो बीपीसीएल ऐप्प
- एचपी गैस : एचपी पे ऐप्प
इसके अलावा व्हाट्सऐप, आईवीआरएस और अन्य डिजिटल माध्यमों से भी उपलब्ध विकल्पों के जरिए प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
सत्यापन नहीं कराया तो क्या होगा?
मंत्रालय के मुताबिक, 1 अक्टूबर तक बायोमेट्रिक आॅथेंटिकेशन पूरा नहीं होने पर एलपीजी कनेक्शन बंद या रद्द नहीं किया जायेगा। हालांकि, बिना सत्यापन वाले कनेक्शन पर सब्सिडी का लाभ रोका जा सकता है। ऐसे उपभोक्ताओं को रिफिल बुक करते समय सिलेंडर की गैर-सब्सिडी वाली पूरी कीमत चुकानी पड़ सकती है।
सरकार ने क्यों अनिवार्य किया बीएए?
बायोमेट्रिक आधार आॅथेंटिकेशन का उद्देश्य एलपीजी सब्सिडी को वास्तविक और पात्र उपभोक्ताओं तक पहुंचाना है। आधार से सत्यापित उपभोक्ता के साथ एलपीजी कनेक्शन को जोड़ने से फर्जी या डुप्लीकेट कनेक्शन की पहचान करने और सब्सिडी वाले घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल व दुरुपयोग को रोकने में मदद मिलने की उम्मीद है। मंत्रालय के अनुसार, इस प्रक्रिया का उद्देश्य वास्तविक और पात्र परिवारों को एलपीजी सुविधा से वंचित करना नहीं, बल्कि सब्सिडी वितरण को अधिक लक्षित और पारदर्शी बनाना है।