जब्त अवैध शराब को लेकर उत्पाद विभाग का बड़ा कदम, डिजिटल और व्यवस्थित तरीके से तैयार होगा पूरा रिकॉर्ड
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में जब्त अवैध शराब को लेकर अब उत्पाद विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। वर्षों से पुलिस और आबकारी विभाग के मालखानों में पड़ी जब्त शराब का पूरा रिकॉर्ड अब डिजिटल और व्यवस्थित तरीके से तैयार किया जाएगा।
उत्पाद विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने राज्य के सभी जिलों के एसपी को पत्र लिखकर जब्त अवैध शराब का पूरा हिसाब मांगा है। किस जिले के किस थाना क्षेत्र में, किस तारीख को, किस कांड संख्या के तहत कितनी शराब जब्त की गयी है, इसकी पूरी जानकारी विभाग ने एक निश्चित समय अवधि के बीच मांगी है।
इस पूरी प्रक्रिया के जरिए अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण, नकली और अवैध शराब से जुड़े सार्वजनिक स्वास्थ्य जोखिमों को कम करने और आबकारी राजस्व की चोरी रोकने की दिशा में काम किया जायेगा।