एलपीजी ग्राहकों के लिए जरूरी अपडेट, 30 जून तक ई-केवाईसी नहीं करायी तो रुक जायेगी सब्सिडी
एबीएन सेंट्रल डेस्क। सरकार ने गैस ग्राहकों को 30 जून तक ई-केवाईसी पूरा करने की अपील की है। तय समय सीमा में प्रक्रिया पूरी न करने पर गैस सब्सिडी मिलने में परेशानी आ सकती है। ऐसे में लाखों उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द अपना ई-केवाईसी अपडेट कर लेना चाहिए।
सरकार का कहना है कि इस कदम के जरिए गैस सब्सिडी को सही लाभार्थियों तक पहुंचाना और फर्जी कनेक्शनों पर रोक लगाना है।
क्यों जरूरी है ई-केवाईसी?
पिछले कुछ समय से सरकार एलपीजी कनेक्शनों को आधार से लिंक कर रिकॉर्ड को अपडेट करने पर जोर दे रही है। जिन उपभोक्ताओं ने लंबे समय से अपने कनेक्शन की दोबारा वेरिफाई नहीं कराई है, उन्हें ई-केवाईसी पूरा करना जरूरी किया गया है।
अगर तय समय सीमा तक यह प्रोसेस पूरी नहीं की जाती है तो गैस सब्सिडी की राशि आपके बैंक खाते में आने में दिक्कत हो सकती है। सरकार का मानना है कि ई-केवाईसी के जरिए फर्जी और डुप्लीकेट कनेक्शनों की पहचान करना आसान होगा। इससे सब्सिडी का लाभ केवल पात्र उपभोक्ताओं तक ही पहुंचेगा।
ऐसे करें घर बैठे ई-केवाईसी
गैस कंपनियों ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए आॅनलाइन ई-केवाईसी प्रक्रिया उपलब्ध करायी है। उपभोक्ता संबंधित गैस कंपनी के ऐप या वेबसाइट पर जाकर लॉग इन कर सकते हैं। इसके बाद ई-केवाईसी या रि-केसी के आॅप्शन पर जाना होगा।
इसके बाद मोबाइल कैमरे की मदद से फेस वेरिफिकेशन किया जायेगा। जानकारी का सत्यापित होते ही प्रक्रिया पूरी हो जाती है। इस पूरी प्रक्रिया में किसी कागजी दस्तावेज की जरूरत नहीं पड़ती और कुछ ही मिनटों में काम पूरा हो सकता है।
आॅफलाइन भी कर सकते हैं अपडेट
जो लोग आॅनलाइन प्रोसेस पूरी नहीं कर सकते, वे नजदीकी गैस एजेंसी या डिस्ट्रीब्यूटर के कार्यालय में जाकर ई-केवाईसी करा सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड की कॉपी, गैस कनेक्शन से जुड़े दस्तावेज और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर साथ ले जाना होगा।
एजेंसी में पहचान वेरिफाई के लिए बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन किया जा सकता है। फिंगरप्रिंट या अन्य जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ई-केवाईसी तुरंत अपडेट कर दी जाएगी। इससे आपका गैस कनेक्शन सक्रिय रहेगा और भविष्य में सब्सिडी मिलने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।