दोनों अपने पास रखते थे ब्रिटेन और स्पेन का पिस्टल
उत्तर प्रदेश एटीएस द्वारा गिरफ्तार टीएसपीसी कमांडर नगीना को पलामू पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी में है
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। पलामू पुलिस और सुरक्षा बलों के लगातार अभियान के बाद टीएसपीसी का जोनल कमांडर सह कथित सुप्रीमो 10 लाख का इनामी शशिकांत गंझू और 05 लाख का इनामी कमांडर नगीना उत्तर प्रदेश के इलाके में छुपना चाहते थे। लेकिन उत्तरप्रदेश एटीएस ने सोनभद्र के विंढमगंज के इलाके से नगीना उर्फ संतोष सिंह उर्फ डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल, यूपी एटीएस को सूचना मिली थी कि शशिकांत और नगीना विंढमगंज के रास्ते उत्तर प्रदेश में दाखिल होने वाले है। इसी सूचना के आलोक में सर्च अभियान शुरू किया गया। इस अभियान में एक बाइक को रोका गया, बाइक सवार एटीएस को देख भागने लगा। लेकिन मौके से नगीना पकड़ा गया जबकि बाइक चला रहा शशिकांत भाग गया।
नक्सली नगीना के पास से एटीएस की टीम ने 99 हजार 500 कैश, एक नाइन एमएम का पिस्टल, एक रिवॉल्वर और बड़ी संख्या में गोली बरामद किया है। पूरे मामले में यूपी एटीएस ने गोमतीनगर थाना एफआईआर नंबर 12 में नगीना के खिलाफ गंभीर धाराएं लगायी हैं।
ब्रिटेन और स्पेन का रखा था पिस्टल
नगीना के पास से बरामद नाइन एमएम पिस्टल पर मेड इन इंग्लैंड और रिवॉल्वर पर मेड इन स्पेन लिखा हुआ है। पलामू पुलिस नगीना को रिमांड पर लेने की तैयारी भी कर रही है। पलामू के छतरपुर थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद ने बताया कि इस मामले की जानकारी मिली है, आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दअरसल नगीना ने यूपी एटीएस को बताया है कि तीन 4 सितंबर की रात में सुरक्षा बलों से मनातू के केदल जंगल में उनकी मुठभेड़ हुई थी, जिसमें दो पुलिस वाले शहीद हुए थे और कुछ घायल हो गये। बाद में सुरक्षा बलों की कार्रवाई में उनके पार्टी का नेता (मुखदेव यादव) मारा गया था।
सुरक्षा बलों का दबाव बढ़ने के कारण वह सुरक्षित स्थान पर छिपने के लिए उत्तर प्रदेश के इलाके में दाखिल हो रहे थे। नगीना 2021 में टीएसपीसी में शामिल हुआ था और अब तक 12 से अधिक बार पुलिस और सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में शामिल रहा है। नगीना गढ़वा के डंडई थाना क्षेत्र के सूअरजंघा झलंगी गांव का रहने वाला है।
शशिकांत और नगीना के खिलाफ पलामू पुलिस चला रही सर्च अभियान
पलामू पुलिस टीएसपीसी सुप्रीमो शशिकांत गंझू और कमांडर नगीना के खिलाफ लगातार सर्च अभियान चला रही है। पलामू पुलिस शशिकांत के खिलाफ संपत्ति की भी जांच कर रही है। शशिकांत के कई करीबियों को पुलिस ने रडार पर लिया है और उनसे जुड़े हुए सभी तरह की संपत्ति का आकलन किया जा रहा है। शशिकांत पर झारखंड की सरकार ने 10 लाख रुपए का इनाम रखा है। शशिकांत पलामू के मनातू थाना क्षेत्र के केदल का रहने वाला है।