कानून व्यवस्था
कोरोना से बचाव : यूके से कोलकाता आनेवाली सभी उड़ानों पर बैन
ABN Bureau
•
30 Dec, 2021
1 Views
विज्ञापन
एबीएन सेंट्रल डेस्क। पश्चिम बंगाल सरकार ने यूके से कोलकाता हवाई अड्डे के लिए आने वाली सभी उड़ानों को निलंबित करने का फैसला किया है। राज्य सरकार द्वारा जारी आदेश के मुताबिक 3 जनवरी से यूके से कोलकाता आने वाली सभी उड़ानों पर बैन रहेगा। बंगाल के अपर मुख्य सचिव बी पी गोपालिका द्वारा नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव राजीव बंसल को लिखे पत्र में उन्होंने राज्य सरकार के फैसले के बारे में सूचित किया है। अपने पत्र में उन्होंने लिखा, मुझे आपको सूचित करना है कि विश्व स्तर पर और साथ ही देश के भीतर ओमिक्रॉन मामलों की बढ़ती संख्या को देखते हुए, राज्य सरकार ने अस्थायी रूप से और अगले आदेश तक 3 जनवरी, 2022 से यूनाइटेड किंगडम से कोलकाता के लिए सभी सीधी उड़ानों को निलंबित करने का निर्णय लिया है। यूके भारत सरकार द्वारा अधिसूचित एक जोखिम वाला देश है, इसलिए यहां से राज्य में उड़ानों को अनुमति नहीं दी जाएगी और जारी किए गए किसी भी एनओसी को वापस ले लिया जाएगा। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि क्रिसमस पर उमड़ी भारी भीड़ के कारण कोरोना का संक्रमण तेजी से फैलना शुरू हो गया है। नए साल पर यह आंकड़ा और बढ़ सकता है। गौरतलब है कि क्रिसमस व नए साल के मद्देनजर बंगाल में फिलहाल नाइट कफ्र्यू में ढील दी गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सावधान करते हुए कहा कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए अविलंब कड़े कदम उठाने की जरुरत है। कोलकाता से सटा उत्तर 24 परगना जिला 145 मामलों के साथ कोरोना संक्रमण के मामले में फिलहाल दूसरे स्थान पर है जबकि तीसरे स्थान पर हावड़ा (79) है। इसके बाद दक्षिण 24 परगना (60) और हुगली (59) का स्थान है। मुर्शिदाबाद, झारग्राम, पुरुलिया, अलीपुरदुआर, दक्षिण दिनाजपुर व कलिंपोंग में कोरोना अभी पूरी तरह नियंत्रण में है। वहीं पूर्व मेदिनीपुर, झारग्राम, दार्जिलिंग, दक्षिण दिनाजपुर, हुगली, मालदा, जलपाईगुड़ी, बांकुड़ा और पुरुलिया में कोरोना से मौत का सिलसिला थमा है। कोलकाता में कोराना से अब तक 3,04,720 लोग संक्रमित हुए हैं और 5,611 लोगों की मौत हुई है। उत्तर 24 परगना जिले में कोरोना से अब तक 5,012 लोगों की मौत हुई है। बंगाल में कोरोना से स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़कर 16,32,956 हो गई है। स्वस्थ होने वालों की दर 98.32 प्रतिशत है। इस बीच, केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने राज्य सरकार को पत्र लिखकर इसकी रोकथाम के लिए कदम उठाने को कहा है। सूबे के स्वास्थ्य सचिव नारायण स्वरूप निगम को संबोधित इस पत्र में कहा गया है कि केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय ने गत 21 दिसंबर को राज्यों को सलाह दी थी कि वे नाइट कर्फ्यू व बड़े समारोहों को नियंत्रित करने जैसे प्रतिबंध लागू करें। बेड की क्षमता बढ़ाएं और कोरोना से संबंधित स्वास्थ्य दिशा-निर्देशों को कड़ाई से लागू करे।
विज्ञापन