Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
कानून व्यवस्था

डोरंडा कोषागार : लालू प्रसाद पर फैसला जनवरी में, 99 आरोपियों की बहस पूरी

डोरंडा कोषागार : लालू प्रसाद पर फैसला जनवरी में, 99 आरोपियों की बहस पूरी
विज्ञापन
रांची (मुरलीधर)। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद से जुड़े चारा घोटाले के सबसे बड़े मामले (आरसी 47ए/96) में नये साल के जनवरी महीने में फैसला आने की पूरी संभावना है। लालू प्रसाद की ओर से जारी बहस लगभग पूरी हो चुकी है। अन्य 99 आरोपियों की ओर से बहस पूरी कर ली गयी है। शेष तीन आरोपियों की बहस की जानी शेष है। बहस पूरी होते ही मामला फैसला पर चला जाएगा। मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट व हाईकोर्ट के दिशा निर्देश पर सीबीआई के विशेष न्यायाधीश एसके शशि की अदालत में रोजाना हो रही है। इस साल का अंतिम दिन गुरुवार रहेगा। इसके बाद अदालत तीन जनवरी से मामले में सुनवाई करेगी। डोरंडा कोषागार से 139.35 करोड़ रुपये की अवैध निकासी से जुड़े मामले में 102 आरोपी मुकदमे का सामना कर रहे हैं। सीबीआई ने प्रारंभ में लालू प्रसाद, डॉ। जगन्नाथ मिश्र समेत 176 को आरोपी बनाया था। आरोप तय होने के दौरान इसकी संख्या घटकर 148 हो गयी। 25 वर्षों में इसकी संख्या घटकर वर्तमान में 102 रह गयी है। हाल ही में चार आरोपियों का निधन हुआ था। इतना ही नहीं कई आरोपी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। अब देखना है कि फैसला आते-आते आरोपियों की संख्या में कितनी कमी आएगी। बता दें कि लालू प्रसाद से जुड़े पांचवें व अंतिम मामले में रांची की सीबीआई की अदालत में सुनवाई चल रही है। साथ ही चारा घोटाले के 53 मामलों में से 51 मामले में फैसला आ चुका है। वहीं डोरंडा कोषागार लगभग 36.35 करोड़ रुपये की अवैध निकासी मामले (आरसी48ए/96) में आरोपियों के बयान दर्ज किये जा रहे हैं।
विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 29,611