Breaking News
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

भाजपा ने शुरू किया घोषणा पत्र सुझाव अभियान

भाजपा ने शुरू किया घोषणा पत्र सुझाव अभियान
विज्ञापन

जनता की राय के लिए जारी हुआ व्हाट्सएप नंबर, शहीद मैदान में भाजपा में शामिल होंगे चंपाई 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने आज से घोषणा पत्र सुझाव अभियान की शुरूआत कर दी। पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और घोषणा पत्र सुझाव अभियान समिति के संयोजक विधायक अनंत ओझा की उपस्थिति में इस अभियान की शुरूआत की गयी। इस अभियान के तहत पार्टी के पदाधिकारी जिला, प्रखंड और मंडल स्तर तक जाकर युवाओं, महिलाओं, किसान, मजदूर, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, पारा शिक्षक, सहिया दीदी से मिलकर उनकी सलाह लेंगे कि वह कैसा घोषणा पत्र चाहते हैं। इसी को पार्टी अपने संकल्प पत्र में स्थान देगी। 

राजनीतिक दलों के संकल्पों का दस्तावेज होता है घोषणा पत्र 

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रदेश कार्यालय में घोषणा पत्र सुझाव अभियान की शुरूआत करते हुए कहा कि घोषणा पत्र किसी भी राजनीतिक दल के संकल्पों का दस्तावेज होता है। उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक दलों के दृष्टिकोण को भी बताती है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा अपने घोषणा पत्र को संकल्प पत्र कहती है। हम जो संकल्प पत्र जारी करते हैं उसी के साथ जनता के बीच जाते हैं और जब जनता का विश्वास जीतकर सरकार बनाते हैं तो उसे पूरा भी करते हैं। 

हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करेंगे 

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जनता के बीच जाकर, उनसे सुझाव लेकर उसे घोषणा पत्र में जगह देंगे। पार्टी यह सुनिश्चित करेगी कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी हो ताकि घोषणा पत्र जन भावनाओं के अनुरूप बन सके। उन्होंने कहा कि व्हाट्सएप पर सुझाव देने के लिए भी 6202750671 नंबर पर अपना सुझाव दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि ट्वीट के माध्यम से भी सुझाव दिया जा सकता है। 

सपनों का झारखंड बनाने वाला होगा संकल्प पत्र :  अनंत ओझा 

झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए बनाई गई घोषणा पत्र सुझाव अभियान समिति के संयोजक अनंत ओझा ने कहा कि सपनों का झारखंड कैसे बने इसके लिए भाजपा काम कर रही है। महिला, युवा, किसान सभी की भावनाओं को संकल्प पत्र में समाहित किया जाएगा। सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिये भी सुझाव दिया जा सकता है। 

कल तीन बजे धुर्वा के शहीद मैदान में भाजपा का दामन थामेंगे चंपाई : बाबूलाल मरांडी 

झारखंड प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि चम्पाई सोरेन के भाजपा में शामिल होने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि कल तीन बजे शहीद मैदान में हिमंता बिस्वा सरमा और शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में चम्पाई सोरेन पार्टी में शामिल होंगे। पार्टी कार्यालय में आज के घोषणा पत्र सुझाव अभियान की शुरुआत कार्यक्रम के दौरान प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, विजय चौरसिया और मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक भी उपस्थित थे।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 5,384