टीम एबीएन, रांची। बुढ़मू प्रखंड के उमेडंडा गांव में बीती रात असामाजिक तत्वों द्वारा प्राचीन शिव मंदिर, बजरंगबली मंदिर और देवी मंडप की मूर्तियों को खंडित किया गया। इस घटना का विश्व हिंदू परिषद घोर निंदा करता है। साथ ही प्रशासन से यह मांग करती है कि इसमें शामिल सभी अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी हो तथा उन्हें कानून द्वारा कड़ी से कड़ी सजा मिले।
विखंडित मूर्तियों की पुनर्प्रतिष्ठा विधि-विधान से हो तथा भविष्य में ऐसी घटना न हो इसके लिए मंदिरों की पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। प्रांत मंत्री झारखंड मिथिलेश्वर मिश्र, ग्रामीण जिलाध्यक्ष रामेश्वर दयाल सिंह एवं जिला सामाजिक समरसता प्रमुख अजीत सिंह घटनास्थल पहुंचे एवं मंदिर के पुजारी एवं अन्य ग्रामीणों से मिलकर घटना की जानकारी ली। उक्त जानकारी विश्व हिंदू परिषद, रांची के प्रांत प्रचार प्रसार सह प्रमुख प्रकाश रंजन ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।