- मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बुजुर्ग मतदाताओं से की मुलाकात
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने बीते बुधवार को पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत जमशेदपुर में वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात की एवं उनके मतदाता प्रमाण पत्र से संबंधित जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि आज पूरे राज्य में वरिष्ठ मतदाताओं के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी जिलों के निर्वाचन से संबंधित पदाधिकारी वहां के बुजुर्ग मतदाताओं से मिलेंगे और मतदाता सूची में नाम है या नहीं इसकी जानकारी लेंगें। साथ ही अगर कोई अपने वोटर कार्ड में किसी प्रकार का सुधार कराना चाहते हैं तो उनका फॉर्म भर कर वोटर आईडी कार्ड निर्गत करायेंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बुजुर्गों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग का निर्देश है कि जितने भी वरिष्ठ नागरिक है उनके घर जाकर उनका निबंधन करना है। साथ ही जो बुजुर्ग मतदान केंद्र पर आने में सक्षम नहीं है फिर भी बूथ पर आकर वोट देना चाहते हैं तो उनके लिए व्यवस्था करनी है। इसके साथ-साथ जो घर पर ही वोट देना चाहते हैं, उनके लिए घर पर ही व्यवस्था करनी है।
उन्होंने कहा कि आप सब ने वर्षों से मतदान कर देश के निर्माण में अपना योगदान दिया है। आज आप अपने शरीर से असक्षम हैं। यह निर्वाचन प्रक्रिया में आपके महत्वपूर्ण योगदान के लिए बाधा न बने इस के लिए आयोग आपके लिए व्यवस्था कर रही है।