जमीन घोटाला मामला
रांची पुलिस की जांच तेज
टीम एबीएन, रांची। जमीन घोटाला मामले में रांची पुलिस भी अपनी जांच को लेकर रेस है। सदर थाने में दर्ज मामले को लेकर पुलिस के द्वारा झारखंड के बड़े कारोबारी विष्णु अग्रवाल और बड़गाई अंचल के सीआई भानु से पूछताछ की गयी है।
विष्णु अग्रवाल से रिम्स में जबकि भानु से जेल में पूछताछ हुई है। जमीन घोटाला मामले में ईडी ने विष्णु अग्रवाल और भानु दोनों को ही गिरफ्तार किया है। विष्णु अग्रवाल जेल में बीमार होने के बाद वर्तमान में न्यायिक हिरासत में रिम्स में भर्ती हैं, जबकि भानु जेल में हैं।
रांची पुलिस से जुड़े सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रांची के सदर थाने की पुलिस ने रिम्स में भर्ती कारोबारी विष्णु अग्रवाल और जेल में बंद बड़गाईं अंचल के सीआई भानु प्रताप से पूछताछ की, मामले के अनुसंधानक ने दोनों से सेना की जमीन घोटाले को लेकर जरूरी पूछताछ की है। इस क्रम में सीआई भानु से उस भूखंड का म्युटेशन किये जाने के आधार को लेकर काफी देर तक गहरायी से पूछताछ की गयी।
साथ ही भानु के आवास से जब्त किये जमीन के कागजातों के बारे में भी पूछताछ की गयी। वहीं आईओ ने रिम्स में इलाज के लिए भर्ती कारोबारी विष्णु अग्रवाल से भी सेना की जमीन की खरीदारी किये जाने के संबंध में भी जानकारी ली।
पूछताछ के दौरान कारोबारी और सीआई से जमीन घोटाला के संबंध में कई अहम जानकारी मिली है। इस आधार पर पुलिस मामले में अब आगे की कार्रवाई करेगी। गौरतलब है कि सदर थाना में दर्ज मामले को लेकर ही पुलिस अपने स्तर से मामले का अनुसंधान कर रही है।