एबीएन सेंट्रल डेस्क। सूरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सूरीनाम के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ग्रैंड ऑर्डर ऑफ द चेन ऑफ द येलो स्टार से सम्मानित किया। इसके लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को उका आभार व्यक्त किया।
पिछले साल जुलाई में भारत के राष्ट्रपति का पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर रविवार को सूरीनाम पहुंचीं मुर्मू ने सूरीनाम के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार से सम्मानित किये जाने के बाद ट्वीट किया- यह सम्मान न केवल मेरे लिए बल्कि भारत के उन 1.4 अरब लोगों के लिए भी बेहद मायने रखता है जिनका मैं प्रतिनिधित्व करती हूं।
उन्होंने भारतीय-सूरीनाम समुदाय की विभिन्न पीढ़ियों को यह सम्मान समर्पित किया, जिन्होंने दोनों देशों के बीच संबंधों को समृद्ध करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति मुर्मू को सूरीनाम के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजे जाने पर उन्हें बधाई दी और कहा कि यह विशेष भाव दोनों देशों के बीच स्थायी मित्रता का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया- सूरीनाम के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ग्रैंड ऑर्डर ऑफ द चेन ऑफ द येलो स्टार से सम्मानित किये जाने पर राष्ट्रपति जी को बधाई। सूरीनाम की सरकार और लोगों का यह विशेष भाव दोनों देशों के बीच स्थायी मित्रता का प्रतीक है। इससे पहले विदेश मंत्रालय ने राष्ट्रपति को सम्मानित किये जाने की जानकारी दी थी।
मंत्रालय के आधिकारिक खाते से ट्वीट किया गया- भारत-सूरीनाम के गहरे संबंधों का सम्मान। सूरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिकाप्रसाद संतोखी ने उनके देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ग्रैंड ऑर्डर ऑफ द चेन ऑफ द येलो स्टार से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सम्मानित किया।