टीम एबीएन, रांची। रांची में मैट्रिक की परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इसको लेकर किसी तरह की कोई भी कोताही नहीं बरती जा रही है। परीक्षा को देखते हुए राजधानी के 87 परीक्षा केंद्रों पर 14 मार्च 2023 से 5 अप्रैल तक धारा 144 लगा दी गयी है, ताकि परीक्षा में किसी तरह की कोई भी अड़चन ना आने पाये।
जैक बोर्ड की आफिशल वेबसाइट के अनुसार, जैक की ओर से आयोजित वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 14 मार्च से 5 अप्रैल 2023 तक निर्धारित है। रांची के 87 परीक्षा केंद्रों पर सुबह 9:45 बजे से दोपहर के 1:05 तक परीक्षा आयोजित की गयी है।
रांची डीसी राहुल कुमार सिन्हा ने अधिकारियों को कुछ जरूरी दिशा निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षार्थी और उनके अभिभावकों के परीक्षा केंद्रों में भीड़ उमड़ने से विधि व्यवस्था भंग होने की आशंका बनी रहती है। इसे देखते हुए धारा 144 का पालन सख्ती से होना जरूरी है।
इन परीक्षा केंद्रों पर कदाचार मुक्त वातावरण में परीक्षा का आयोजन कराने और विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, रांची एवं सीनियर एसपी, रांची द्वारा पुलिस बल एवं पुलिस पदाधिकारी के साथ दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है।